
x
प्रेमिका से पत्नी बनी रोमी कुमारी (21 वर्ष) का दुखद अंत हो गया
प्रेमिका से पत्नी बनी रोमी कुमारी (21 वर्ष) का दुखद अंत हो गया। जमुई गढ़वा कटौना मल्लेपुर निवासी रोमी ने 2020 में अपने घरवालों की मर्जी के बिना गिरिडीह बिलोटांड़ खरगडीहा देवरी के संगम तिवारी से प्रेम विवाह किया था। सोमवार को धनबाद एसएनएमएमसीएच में उसके पिता अश्विनी तिवारी ने रोमी की मौत को साजिश बताते हुए उसके पति संगम और ससुरालवालों पर जला कर मारने का आरोप लगाया।
सरायढेला पुलिस के समक्ष बयान देते हुए अश्विनी तिवारी ने बताया कि दो साल पहले मंदिर में रोमी और संगम ने शादी की थी। शुरुआत में छह-सात महीने उनका वैवाहिक जीवन ठीक चला। इसके बाद पति और ससुराल के लोग उनकी पुत्री को दो लाख रुपए और बाइक दहेज में लाना का दबाव बनाने लगे। दहेज नहीं देने पर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। 15 दिन पहले उसके पति संगम तिवारी, ससुर देवेंद्र तिवारी, जेठ बबलू तिवारी, जेठानी संध्या देवी, देवर शिवम तिवारी और ननद पूजा देवी ने मिल कर रोमी के साथ मारपीट की थी। इस संबंध में गांव में पंचायती भी हुई थी।
20 फरवरी को शाम चार बजे ससुराल देवरी में आरोपियों ने उनकी पुत्री के साथ मारपीट की और उसे आग के हवाले कर दिया। बाद में इलाज के लिए उसे स्वास्थ्य केंद्र देवरी में भर्ती कराया गया। वहां से उसे एसएनएमएमसीएच धनबाद रेफर किया गया। 20 फरवरी की रात पौने 10 बजे उनकी पुत्री ने दम तोड़ दिया। अश्विनी तिवारी ने पुलिस के समक्ष दावा किया गया है कि दहेज नहीं देने पर उनकी पुत्री की जला कर हत्या की गई है। सरायढेला पुलिस मृतक के पिता के फर्दबयान को देवरी थाना भेजेगी। बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
Next Story