भारत

घरेलु विवाद में कर दी पत्नी की हत्या, लाश के पास बैठा रहा आरोपी

Shantanu Roy
3 March 2024 4:30 PM GMT
घरेलु विवाद में कर दी पत्नी की हत्या, लाश के पास बैठा रहा आरोपी
x
पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
गाजियाबाद। गाजियाबाद के मसूरी इलाके में एक शख्स ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को घर में 3 दिन तक छिपाए रखा और घर में शव के साथ रहा। रोजाना की तरह अपने काम भी निपटाए। पड़ोसियों को जब घर से बदबू आनी शुरू हुई तो शक हुआ और पुलिस को खबर दी। तब जाकर ये पूरा केस खुल पाया। पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। उसने घरेलू क्लेश में हत्या करने की बात कबूल की है। पूरा मामला मसूरी थाना क्षेत्र की अंबेडकर कॉलोनी का है। यहां रहने वाला 55 वर्षीय भरत सिंह लालकुआं स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन का काम करता है। पड़ोसियों ने शनिवार शाम को मसूरी थाना पुलिस को सूचना दी कि भरत सिंह के घर से बदबू आ रही है और उसकी पत्नी को भी पिछले कई दिन से देखा नहीं गया है।
इस सूचना पर पुलिस पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर का नजारा देखा तो सन्न रह गई। घर में अंदर 51 वर्षीय सुनीता की लाश पड़ी हुई थी। गले पर निशान थे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और कुछ देर बार उसके पति भरत सिंह को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में भरत सिंह ने कुबूला कि तीन-चार दिन पहले उसने घरेलू विवाद में पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बारे में उसने किसी को कुछ नहीं बताया। वो रोजाना सुबह ही मकान का ताला लगाकर ड्यूटी पर चला जाता और देर शाम को वापस घर आता। रात को लाश के पास में ही सोता और रोजाना की तरह खाता-पीता था।
भरत सिंह शराब भी पीता था। पत्नी सुनीता घर के पास गली में ही एक छोटी सी दुकान चलाती थी। आसपास के लोगों ने बताया, दोनों में अक्सर किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता था। पुलिस जांच में ये भी पता चला कि भरत सिंह और सुनीता की ये दूसरी शादी थी। पहली शादी से जो बच्चे हुए, उनकी पहले शादियां हो चुकी हैं। इसलिए फिलहाल दंपती अकेले रहते थे। मसूरी क्षेत्र के ACP नरेश कुमार ने बताया, "तीन मार्च को थाना मसूरी पर सूचना प्राप्त हुई कि मोहल्ला अम्बेडकरनगर में भरत ने अपनी पत्नी सुनीता की गला घोंटकर हत्या कर दी है। इस सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा शव को बरामद किया गया। शव को देखने से प्रतीत होता है कि शव तीन-चार दिन पुराना है। आरोपी भरत द्वारा बताया गया कि उसने घरेलू विवाद मे अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी। महिला के मायके वालों को पुलिस ने सूचना दे दी है।"
Next Story