भारत

पत्नी की पेचकस घोंपकर हत्या, मचा कोहराम

Shantanu Roy
30 May 2024 1:49 PM GMT
पत्नी की पेचकस घोंपकर हत्या, मचा कोहराम
x
जांच में जुटी पुलिस
मेरठ। मेरठ में बुधवार देर रात पति ने पेचकस से गोदकर पत्नी की हत्या कर दी। पेट, सीने और गले पर करीब 30 वार किए। महिला की चीख सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब घर पहुंची तो महिला की मौत हो चुकी थी। पति शव के पास बैठा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पैसों को लेकर पति-पत्नी में विवाद होता था। बुधवार रात को भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। पत्नी जब सो गई तब पति ने वारदात को अंजाम दिया। घटना जयभीमनगर कॉलोनी की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी पति से पूछताछ शुरू कर दी है।
मेडिकल थाना क्षेत्र के कमालपुर की दीपा की शादी करीब 10 साल पहले मवाना के ललित वर्मा से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ललित दीपा के साथ भावनपुर स्थित जयभीमनगर कॉलोनी में किराए के मकान में रहने लगा। ललित पेशे से निजी नर्सिंग होम की एम्बुलेंस चलाता है। उसके 2 बच्चे अंशुमन (7) और गुन्नू (6) हैं। गुरुवार रात को ललित और दीपा के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद दोनों शांत हो गए और सोने चले गए। रात के 2 बजे ललित उठा। इसके बाद अपनी पत्नी दीपा पर पेचकस से कई वार कर दिए। दीपा की मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों पति-पत्नी परिवार से अलग रहते थे। पति की इनकम ज्यादा नहीं थी। इसलिए पैसों को लेकर विवाद होता था। दीपा ललित से कोई और नौकरी करने के लिए कहती थी। पुलिस की अभी तक की पूछताछ में सामने आया है कि रुपयों की वजह से ललित दीपा से चिढ़ने लगा था। दोनों में आपसी विवाद काफी बढ़ गए थे। लेकिन झगड़ा तब और बढ़ गया जब ललित के पिता ने दीपा को कुछ रुपए दिए। कुछ जमीन भी दीपा के नाम पर की थी। महिला के पिता प्रीतम ने कहा- दामाद गाड़ी चलाता है। बुधवार रात को वो ड्यूटी से घर आया। लड़की कमरे में सो रही थी। तभी उसने पेचकस मारकर हत्या कर दी। हमें पुलिस ने फोन करके कहा- तुम्हारी लड़की का तुम्हारे दामाद ने मर्डर कर दिया है।
इसके बाद मेरे बेटे, बहन के घर गए। मेरे 6 बच्चे हैं 4 लड़की और 2 लड़के हैं। 2014 में दीपा की शादी की थी। मेरी काफी दिन से बेटी से बात नहीं हुई थी। पिछली बार जब बात हुई थी तब उसने यही कहा था कि दामाद उसके साथ मारपीट करता है। दीपा के भाई अक्षत ने बताया- ललित सनकी टाइप का आदमी था। बहन से आए दिन झगड़ा करता था। छोटी-छोटी बातों पर झगड़ता था। बिना बताए घर से कई-कई दिन गायब रहता था। हम लोगों ने उसे कई बार समझाया लेकिन वह मानने को तैयार नहीं था। हम लोगों से भी झगड़ा करके घर से भगा दिया था। गुरुवार देर रात उन्हें पुलिस से सूचना मिली कि उनकी बहन दीपा की मौत हो गई। सूचना के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो दीपा का शव घर के आंगन में पड़ा था। एसपी देहात कमलेश बहादुर सिंह ने बताया, ललित वर्मा नाम के युवक ने पत्नी की पेंचकस मारकर हत्या कर दी। पति को अरेस्ट कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में दोनों में आपसी विवाद की बात सामने आई है। आरोपी के पिता ने कुछ पैसे और जमीन पत्नी के नाम कर दी थी। इसकी वजह से दोनों में विवाद था। बाकी आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
Next Story