भारत

बीवी और बेटी की पत्थर से कुचलकर हत्या, आंगन में गाड़ा, थाने जाकर फूट-फूटकर रोया हत्यारा

jantaserishta.com
22 May 2026 2:55 PM IST
बीवी और बेटी की पत्थर से कुचलकर हत्या, आंगन में गाड़ा, थाने जाकर फूट-फूटकर रोया हत्यारा
x
पढ़ें पूरी खबर.
पाकुड़: झारखंड के पाकुड़ जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक पिता पर अपनी पत्नी और 13 साल की बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है. घटना महेशपुर थाना क्षेत्र के गारामारा गांव की है, जहां पहले एक बच्ची का शव मिलने और उसकी मां के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली थी. शुरुआत में मामला रहस्यमय लगा, लेकिन कुछ ही घंटों की जांच में जो सच सामने आया, उसने हर किसी को हैरान कर दिया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस निरीक्षक, महेशपुर प्रभाग के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया. तकनीकी और फिंगर प्रिंट टीम के साथ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. जांच के दौरान घर से करीब 200 मीटर दूरी पर बच्ची की मां सुरूज बास्की का शव मिट्टी में दबा हुआ मिला. इसके बाद पुलिस का शक परिवार के भीतर की ओर गया.
पुलिस ने मृत बच्ची के पिता और सुरूज बास्की के पति नरेश टुडू से पूछताछ की. शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और अलग-अलग बातें बताकर जांच भटकाने का प्रयास किया. लेकिन जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो वह अपने ही बयानों में उलझ गया. आखिरकार उसने पत्नी और बेटी की हत्या की बात स्वीकार कर ली.
पुलिस के अनुसार, आरोपी नरेश टुडू अत्यधिक शराब का सेवन करता था और उसे अपनी पत्नी पर बेवजह शक था. इसी शक ने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया. आरोप है कि पहले उसने पत्नी की पत्थर से वार कर हत्या की. घटना के दौरान जब उसकी बेटी मां को बचाने आई तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
वारदात के बाद आरोपी ने दोनों शवों को घर के अलग-अलग हिस्सों में मिट्टी में दबा दिया. इतना ही नहीं, खुद रोते-बिलखते पुलिस को सूचना देकर खुद को बेगुनाह साबित करने की कोशिश करता रहा. हालांकि, पुलिस की जांच और पूछताछ ने कुछ ही घंटों में पूरा राज खोल दिया.
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुदाल और अन्य सामान भी बरामद कर लिया है. SIT ने महज चार घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी नरेश टुडू को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story