भारत

पति का शव रेलवे ट्रैक के पास क्यों मिला? पत्नी के बयान से चौंकाने वाला खुलासा

jantaserishta.com
18 Oct 2026 9:24 AM IST
पति का शव रेलवे ट्रैक के पास क्यों मिला? पत्नी के बयान से चौंकाने वाला खुलासा
x
बेटी की सुरक्षा को लेकर भड़की मां.
कोच्चि: केरल के कोच्चि में रेलवे ट्रैक के पास एक शव मिला. पहली नजर में मामला ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत का लग रहा था. लेकिन जब पुलिस ने शव की जांच की, तो कुछ बातें खटकने लगीं. शुरुआती जांच में ऐसे संकेत मिले कि व्यक्ति की मौत ट्रेन से टकराने के कारण नहीं हुई थी.
इसके बाद पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कराई और उसके घर पहुंची. वहां पत्नी से पूछताछ हुई. पुलिस के मुताबिक, महिला के बयान में कई बातें मैच नहीं हो रही थीं. शक गहराया तो उसे कस्टडी में लेकर पूछताछ की गई. आरोप है कि इसी पूछताछ में महिला ने पति की हत्या की बात बता दी.
महिला का कहना था कि उसके पति ने उसकी 16 साल की बेटी का यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की थी. इसी वजह से उसने पति के सिर पर हमला किया. मौत हो गई तो शव को रेलवे ट्रैक के पास ले जाकर फेंक दिया. 31 साल का मृतक ओडिशा के गंजाम जिले का रहने वाला था. अब इस पूरे मामले की जांच केरल के एलमक्करा थाने की पुलिस कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर की रात ट्रेन के लोको पायलट ने एर्नाकुलम नॉर्थ और एडापल्ली रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रैक के पास एक शव देखा. इसकी सूचना रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस को दी गई. पुलिस और RPF की टीम मौके पर पहुंची. शव की शुरुआती जांच के बाद पुलिस को संदेह हुआ कि व्यक्ति की मौत ट्रेन की चपेट में आने से नहीं हुई. शव को नजदीकी अस्पताल भेजा गया. शुरुआत में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया. अब पुलिस के सामने दो सवाल थे. शव किसका है और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई?
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक का परिवार पुथुक्कलावट्टम इलाके में रेलवे ट्रैक के पास रहता है. पुलिस वहां पहुंची और परिवार से पूछताछ शुरू की. पुलिस के मुताबिक, पत्नी के बयान में विरोधाभास मिले. इसके बाद उसे हिरासत में लेकर विस्तार से पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि उसने पति के सिर पर हमला किया था.
महिला ने कहा कि उसके पति ने उसकी बेटी के साथ घिनौनी हरकत करने की कोशिश की थी. अब पुलिस इस आरोप की भी जांच कर रही है और नाबालिग लड़की का बयान दर्ज किया जाना है. पुलिस के मुताबिक, महिला ने कथित तौर पर पति की हत्या के बाद शव को घसीटकर रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया था.
पुलिस ने बताया कि मृत महिला का दूसरा पति था. महिला की पहली शादी से 16 साल की बेटी है. ये लोग कई साल से साथ रह रहे थे और मजदूरी करते थे. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि घटना से पहले क्या हुआ था और महिला के बयान की पुष्टि करने वाले कौन-कौन से सबूत मौजूद हैं.
इस मामले में एक और अहम पहलू नाबालिग लड़की से जुड़ा आरोप है. पुलिस यह जांच कर रही है कि महिला के बयान के आधार पर POCSO के तहत भी मामला दर्ज किया जाना चाहिए या नहीं. पुलिस लड़की का बयान दर्ज करेगी. वहीं, मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है. इसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा. फिलहाल मामले में कई सवालों के जवाब जांच के बाद ही मिलेंगे. महिला ने पति पर बेटी के यौन उत्पीड़न की कोशिश का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस हत्या और शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंके जाने की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story