भारत
कुएं पर सिंचाई करते समय बड़े भाई के सिर पर लगा फावड़ा, मौत
Shantanu Roy
25 March 2024 4:39 PM IST

x
अजमेर। अजमेर शामलाती कुएं से फसल की सिंचाई को लेकर भाइयों में हुए विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर में फावड़ा दे मारा। हमले में गम्भीर रूप से घायल वृद्ध को परिजन ने जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसने उपचार के दौरान देर रात दम तोड़ दिया। श्रीनगर थाना पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है। पुलिस के अनुसार श्रीनगर होलिका चौक निवासी धनराज हिनुनियां ने शिकायत दी कि उसके पिता मदनलाल गुरुवार सुबह रोजाना की तरह गुरुनानक होटल के सामने खेत पर काम करने गए। सुबह 11 बजे करीब वे खेत पर लगी कुएं की मशीन को चालू कर फसल में सिंचाई करने लगे। तभी चाचा पांचू हिनुनियां उनके परिजन पवन, चन्द्रकला व लीला ने एकराय होकर उसके पिता को जान से मारने के इरादे से फावड़े और सरिए से हमला कर दिया। पड़ोसी की सूचना पर वह खेत पर पहुंचा तो उसके पिता मदनलाल लहूलुहान हालत में पड़े मिले।
उसने उन्हें अजमेर के जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया। सिर में गम्भीर चोट के चलते उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया। पुलिस ने धनराज की रिपोर्ट पर गुरुवार रात आरोपित के खिलाफ़ धारा 341, 323, 34 आईपीसी में प्रकरण दर्जकर लिया। धनराज ने बताया कि उसके पिता मदनलाल ने गुरुवार मध्यरात्रि 2 बजे उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। शुक्रवार सुबह श्रीनगर थाना पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। इसमें मृत्यु के कारण स्पष्ट होने पर पुलिस अग्रिम कार्रवाई करेगी। पुलिस पड़ताल में आया कि मदनलाल व पांचू हिनुनियां सगे भाई थे। शामलाती कुएं से फसल की सिंचाई के ओसरे (बारी) को लेकर उनमें विवाद था। गुरुवार को मदनलाल अपने खेत सिंचाई कर रहा था। यह बात छोटे भाई पांचू व उसके परिजन को नागवार गुजरी। कथिततौर पर बोलचाल के बाद आवेश में पांचू व उसके परिजन ने मदनलाल पर फावड़ा-सरिए से हमला कर दिया। खेत में कुएं से सिंचाई के पानी को लेकर दो भाइयों में विवाद था। गुरुवार शाम को मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया था। हालांकि घायल की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद प्रकरण में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





