भारत

एआई हो या कोई नई तकनीक, कुशल व्यक्ति की रोजी-रोटी कोई नहीं छीन सकता: पीएम मोदी

jantaserishta.com
22 Nov 2026 8:37 AM IST
एआई हो या कोई नई तकनीक, कुशल व्यक्ति की रोजी-रोटी कोई नहीं छीन सकता: पीएम मोदी
x
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) को लेकर दुनिया भर में भले ही व्यापक चर्चा हो रही हो, लेकिन किसी कुशल व्यक्ति की आजीविका कोई तकनीक नहीं छीन सकती। उन्होंने जोर देकर कहा कि कौशल ही रोजगार और आजीविका की सबसे बड़ी सुरक्षा है।
‘मोदी स्टोरी’ के एक्स पोस्ट में कहा गया कि कौशल आधारित भारत की यह सोच प्रधानमंत्री मोदी के मन में तब से थी, जब वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में वह अक्सर इस बात पर जोर देते थे कि आम लोगों को रोजमर्रा में जिन सैकड़ों सेवाओं की आवश्यकता होती है, उन्हें कौशल विकास और आय सृजन के अवसरों में बदला जा सकता है। उनका मानना था कि हर सेवा एक कौशल बन सकती है और हर कौशल आय का स्रोत बन सकता है।”
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत लगातार दुनिया की ‘स्किल कैपिटल’ बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और देश के कुशल युवा ही विकास के प्रमुख वाहक बनेंगे।
‘मोदी स्टोरी’ पोस्ट में यह भी कहा गया कि लोगों को अनेक कौशलों से लैस कर उनके लिए आजीविका के कई रास्ते खोलने की परिकल्पना की गई थी। प्रशिक्षुओं, शिक्षकों और नीति-निर्माताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बदलते तकनीकी दौर में कौशल विकास सबसे मजबूत सुरक्षा कवच है।
उन्होंने कहा, “दुनियाभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर काफी चर्चा हो रही है, लेकिन किसी कुशल व्यक्ति की आजीविका कोई नहीं छीन सकता।” उनके अनुसार व्यावहारिक दक्षता और तकनीकी विशेषज्ञता आधुनिक अर्थव्यवस्था में हमेशा महत्वपूर्ण बनी रहेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कौशल के माध्यम से लोगों को सशक्त बनाना और उनके लिए स्थायी आजीविका के अवसर तैयार करना लंबे समय से उनकी विकास नीति का केंद्रीय हिस्सा रहा है। पिछले एक दशक में शुरू की गई विभिन्न पहलों का उद्देश्य युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाना, उद्यमिता को प्रोत्साहित करना और अवसरों का विस्तार करना रहा है।
भारत की समृद्ध कारीगरी और पारंपरिक व्यवसायों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के शिल्पकारों और कुशल कामगारों ने भारत की समृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशी आक्रमणकारियों ने भारत की पारंपरिक कौशल व्यवस्था को निशाना बनाया, क्योंकि वे इसकी आर्थिक ताकत को समझते थे।
उन्होंने कहा, “जब आक्रमणकारी भारत आए, तो उनका पहला हमला हमारे कौशल पर था। वे जानते थे कि भारतीयों की कारीगरी ही देश को महान और समृद्ध बना रही है।” प्रधानमंत्री ने ब्रिटिश शासनकाल की शिक्षा व्यवस्था की भी आलोचना करते हुए कहा कि उसका मुख्य उद्देश्य व्यावहारिक कौशल और नवाचार को बढ़ावा देने के बजाय बाबू तैयार करना था।
‘मोदी स्टोरी’ पोस्ट में कहा गया, “लखनऊ में आयोजित पांचवां राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह इस बात की याद दिलाता है कि कौशल के माध्यम से लोगों को सशक्त बनाने और आजीविका के कई अवसर सृजित करने की सोच नरेंद्र मोदी के गुजरात के दिनों से ही उनके दृष्टिकोण का हिस्सा रही है। यह वही दृष्टि है जो आज भी नए अवसर पैदा कर रही है।”
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story