भारत

जब महिलाओं ने पकड़ा SDM का कॉलर...वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप

jantaserishta.com
16 Dec 2025 4:02 PM IST
जब महिलाओं ने पकड़ा SDM का कॉलर...वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप
x
जानें पूरा मामला.
मऊ: यूपी के मऊ जिले में सरकारी आदेश पर गांव के रास्ते में इंटरलॉकिंग लगवाने पहुंचे मधुबन तहसील के एसडीएम के साथ कुछ महिलाओं ने अभद्रता की. विवाद इतना बढ़ा कि महिलाओं ने पुलिस की मौजूदगी में एसडीएम राजेश कुमार अग्रवाल का कॉलर पकड़कर खींच दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें अपशब्द भी कहे जा रहे हैं. फ़िलहाल, पुलिस ने हस्तक्षेप कर एसडीएम को बचाया और निर्माण कार्य शुरू कराया.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिख रहा है कि पुलिस की मौजूदगी में कुछ महिलाएं एक व्यक्ति (एसडीएम) का कॉलर पकड़कर खींच रही हैं, और पुलिसकर्मी उन्हें बचा रहे हैं. यह वीडियो मऊ के काठतराव गांव का है. एसडीएम राजेश कुमार अग्रवाल पुलिस फोर्स के साथ सरकारी आदेश के बाद गांव के रास्ते पर इंटरलॉकिंग लगवाने पहुंचे थे. गांव के विजय शंकर तिवारी और उनके परिवार द्वारा इस कार्य का पहले से ही विरोध किया जा रहा था. कार्य शुरू होते ही महिलाओं ने बवाल शुरू कर दिया.
एसडीएम राजेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि इंटरलॉकिंग कार्य करवाने के लिए उनके पास एडीएम और एसपी समेत सभी अधिकारियों का आदेश है. उन्होंने बताया कि महिलाओं ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया है और उनका कॉलर तक पकड़ लिया है. एसडीएम ने वायरल वीडियो में खुद भी एक महिला को अपने साथ हुए दुर्व्यवहार के बारे में बताते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है. एसडीएम ने कहा, "महिलाओं ने एक कार्यपालक मजिस्ट्रेट के ऊपर हाथ लगाया है, इसलिए इन पर समुचित धाराओं में मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई भी होगी."
कॉलर पकड़े जाने की घटना के बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने दौड़कर एसडीएम को महिलाओं से बचाया. विरोध कर रही महिलाओं और पुलिस के बीच हल्की बहस और धक्का-मुक्की भी हुई. घटना की सूचना मिलते ही मधुबन थाना प्रभारी अभय सिंह बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने किसी तरह मामले को शांत कराया. फिलहाल, पुलिस की मौजूदगी में निर्माण कार्य कराया जा रहा है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story