भारत

WhatsApp स्टेटस से खुला घर में रखे गहनों का राज, पड़ोसन पर चोरी की साजिश का आरोप, प्रेमी समेत चार गिरफ्तार

SHIDDHANT
25 Nov 2026 11:45 PM IST
WhatsApp स्टेटस से खुला घर में रखे गहनों का राज, पड़ोसन पर चोरी की साजिश का आरोप, प्रेमी समेत चार गिरफ्तार
x
पड़ोसन निकली चोरी की साजिश की आरोपी, प्रेमी भी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश। इटावा में सोशल मीडिया पर सोने के गहनों की तस्वीरें साझा करने से जुड़ा चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने व्हाट्सएप स्टेटस पर सोने के आभूषण देखकर अपने प्रेमी और अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, 2.32 लाख रुपये नकद और एक स्विफ्ट कार बरामद की गई है।
मामला इटावा शहर के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर, महेरा चुंगी का है। यहां रहने वाली सीमा देवी पत्नी सुदेश कुमार ने मार्च 2026 में अपने घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को पड़ोस में रहने वाली पूजा यादव की भूमिका पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, सीमा देवी अक्सर सोने के गहने पहनकर व्हाट्सएप स्टेटस लगाती थीं। पूजा यादव इन स्टेटस को देखती थी। इसी माध्यम से उसे घर में रखे कीमती आभूषणों की जानकारी मिली थी। पुलिस का दावा है कि पूजा ने सीमा देवी से नजदीकी बढ़ाई और अपने प्रेमी गौतम यादव तथा अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। परिवार के घर से बाहर होने के दौरान कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पूजा और गौतम करीब चार साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। आरोप है कि इसी दौरान दोनों ने चोरी की साजिश रची। पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी से हासिल रकम में से करीब 2.70 लाख रुपये देकर गौतम ने फाइनेंस पर स्विफ्ट कार खरीदी थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 36 ग्राम सोना, 541 ग्राम चांदी के आभूषण, 2 लाख 32 हजार रुपये नकद और स्विफ्ट कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूजा यादव (32), गौतम यादव (35), आसिफ मंसूरी (31) और राम वर्मा (27) के रूप में हुई है। पुलिस चारों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Next Story