भारत

जिसे समझा सड़क हादसा, वो निकला अपनों का रचा मर्डर केस

jantaserishta.com
19 July 2026 5:58 PM IST
जिसे समझा सड़क हादसा, वो निकला अपनों का रचा मर्डर केस
x
जानें स्टोरी.
मेहसाणा: गुजरात के मेहसाणा में एक सड़क हादसे की जांच शुरू हुई थी, लेकिन जैसे-जैसे पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सबूतों की कड़ियां जोड़ीं, मामला रिश्तों की ऐसी कहानी में बदल गया, जिसने हर किसी को चौंका दिया. पुलिस का कहना है कि मेडिकल स्टोर चलाने वाले एक शख्स की मौत हादसा नहीं, बल्कि हत्या थी. आरोप है कि पत्नी, बेटी और सगे भांजे ने मिलकर पूरी साजिश रची.
विनोदभाई पटेल विजापुर में मेडिकल स्टोर चलाते थे. रोज की तरह दुकान बंद करके एक्टिवा से घर लौट रहे थे. तभी आनंदपुरा चौराहे के पास एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. शुरुआत में मामला एक सामान्य सड़क दुर्घटना जैसा लगा. लेकिन पुलिस ने जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो तस्वीर बदलने लगी.
जांच में सामने आया कि जिस कार ने विनोदभाई को टक्कर मारी थी, वह सिर्फ घटना वाले दिन ही नहीं, बल्कि उससे पहले भी कई दिनों तक उनके पीछे घूमती दिखाई दी. यानी यह कोई अचानक हुआ एक्सीडेंट नहीं था. पुलिस को शक हुआ कि किसी ने पूरी प्लानिंग के साथ इस वारदात को अंजाम दिया है.
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और पूछताछ के जरिए जांच आगे बढ़ाई. और यहीं से कहानी ने ऐसा मोड़ लिया, जिसकी शायद किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. पुलिस का दावा है कि कार चला रहा युवक विनोदभाई की पत्नी रीटाबेन का सगा भांजा विमल पटेल था. आरोप है कि रीटाबेन ने अपने पति की हत्या के लिए भांजे को 50 हजार रुपये देने का वादा किया था. प्लानिंग बनाई गई कि बिना नंबर प्लेट वाली कार से टक्कर मारकर हत्या को सड़क हादसा दिखा दिया जाएगा.
पुलिस का दावा है कि इस पूरी साजिश में विनोदभाई की बेटी भी शामिल थी. जांच के मुताबिक, वह अपने पिता की हर एक्टिविटी पर नजर रखती थी और उनकी लोकेशन भांजे तक पहुंचाती थी. जिस दिन वारदात हुई, उस दिन भी कथित तौर पर इसी तरह जानकारी शेयर की गई. पुलिस के अनुसार, इस साजिश की दो बड़ी वजहें सामने आई हैं. पहली, 10 लाख रुपये का जीवन बीमा, जिसकी रकम मौत के बाद मिलने वाली थी. दूसरी, लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक विवाद.
मृतक की बहन सूर्याबेन पटेल का कहना है कि घर में अक्सर झगड़े होते थे. उनके मुताबिक, घटना से कुछ दिन पहले परिवार का व्यवहार अचानक बदल गया था. विनोदभाई को भी कुछ अनहोनी का अंदेशा था, लेकिन शायद उन्हें यह नहीं मालूम था कि खतरा घर के भीतर से ही है.
मामले की जांच कर रहे डीएसपी दिनेशसिंह चौहान के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला सड़क हादसे का लग रहा था. लेकिन सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा और अन्य तकनीकी साक्ष्यों ने पूरी कहानी बदल दी. पुलिस ने आरोपी पत्नी रीटाबेन, बेटी और भांजे विमल पटेल को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली गई है. फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच रही है कि इस साजिश में कोई और शामिल था या नहीं.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story