भारत
ये क्या! लोग फूल के गमले लूट कर अपने-अपने घर ले गए, मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए लगाए गए थे
jantaserishta.com
16 Feb 2025 8:07 AM IST

x
वीडियो हुआ वायरल.
बक्सर: बिहार के बक्सर जिले के नगर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वागत के लिए लगाए गए सैकड़ों फूलों के गमलों को स्थानीय लोगों ने लूट लिया. यह घटना जिला अतिथि गृह के बाहर हुई, जहां मुख्यमंत्री अपनी 'प्रगति यात्रा' के तहत कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने पहुंचे थे.
दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बक्सर जिले के सिमरी और सदर प्रखंड में 400 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान सिमरी प्रखंड के 37,000 परिवारों को आर्सेनिक मुक्त शुद्ध पेयजल आपूर्ति से लेकर ऐतिहासिक रामरेखा घाट के विकास तक कई परियोजनाओं की सौगात दी गई.
मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए जिला अतिथि गृह को फूलों के गमलों से सजाया गया था. लेकिन जैसे ही वे वहां से निकले, स्थानीय लोगों में गमलों को लूटने की होड़ मच गई. देखते ही देखते सैकड़ों गमले लोग उठा ले गए. सरकारी अधिकारी और अन्य लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक गमले पूरी तरह से गायब हो चुके थे.
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें लोग गमले उठाकर भागते नजर आ रहे हैं. इस पर प्रशासन की लापरवाही को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं. सवाल यह उठता है कि जहां मुख्यमंत्री का कार्यक्रम था, वहां सुरक्षा के बीच इस तरह की लूट कैसे हो गई? गौरतलब है कि प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के सिमरी और सदर प्रखंड में 400 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाली कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया है. इसको लेकर स्थानीय लोग उत्साहित हैं.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





