भारत
पश्चिम बंगाल चुनाव: न्यायिक निर्णय वाले मामलों के लिए दूसरी सप्लीमेंट्री लिस्ट आज होगी जारी
jantaserishta.com
27 March 2026 9:55 AM IST

x
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में न्यायिक निर्णय वाले मामलों के लिए दूसरी सप्लीमेंट्री लिस्ट शुक्रवार को जारी की जाएगी। भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने यह जानकारी दी। पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि गुरुवार रात तक, 36 लाख मतदाताओं के लिए न्यायिक निर्णय की प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी। यह उन 60 लाख मामलों का लगभग 60 प्रतिशत है, जिन्हें न्यायिक निर्णय के लिए भेजा गया था।
चुनाव आयोग ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि दूसरी सप्लीमेंट्री लिस्ट किस समय वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। यह भी अभी स्पष्ट नहीं है कि दूसरी सप्लीमेंट्री लिस्ट में उन लोगों के नाम शामिल होंगे, जिनके मामले गुरुवार रात तक सुलझ गए थे, या इसमें शुक्रवार शाम तक सुलझाए और प्रोसेस किए गए नाम भी शामिल होंगे।
सीईओ कार्यालय से जुड़े सूत्रों के अनुसार, संभावना है कि यह आधी रात के आसपास जारी होगी, जैसा कि पहली सप्लीमेंट्री लिस्ट के मामले में हुआ था, जो 23 मार्च की आधी रात को प्रकाशित हुई थी। बता दें कि पश्चिम बंगाल में अंतिम मतदाता सूची, जिसमें न्यायिक निर्णय के लिए भेजे गए 60 लाख मामले शामिल नहीं थे, 28 फरवरी को प्रकाशित की गई थी। उस समय यह तय किया गया था कि न्यायिक निर्णय की प्रक्रिया में हुई प्रगति के अनुसार सप्लीमेंट्री लिस्ट जारी की जाएंगी।
जिन मतदाताओं के नाम न्यायिक निर्णय प्रक्रिया में शामिल न्यायिक अधिकारियों की ओर से सूची से हटाने योग्य पाए जाएंगे, उन्हें इस उद्देश्य के लिए गठित 19 अपीलीय न्यायाधिकरणों में से किसी एक से संपर्क करने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पहले ही घोषणा कर चुकी हैं कि तृणमूल कांग्रेस उन लोगों को कानूनी सहायता प्रदान करेगी, जिनके नाम न्यायिक निर्णय प्रक्रिया के दौरान सूची से हटा दिए जाते हैं और इस मामले में उनके लिए वकील की व्यवस्था भी करेगी।
पिछले साल नवंबर में पश्चिम बंगाल के लिए 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (एसआईआर) की अधिसूचना जारी होने से पहले राज्य में मतदाताओं की कुल संख्या 7,66,37,529 थी। पिछले साल दिसंबर में प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 58,20,899 नाम हटा दिए गए। 28 फरवरी को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में हटाए गए नामों की संख्या बढ़कर 63,66,952 हो गई। 23 मार्च की आधी रात के आस-पास जब पहली सप्लीमेंट्री लिस्ट जारी हुई, तो यह जानकारी सामने आई कि हटाए गए वोटरों की संख्या बढ़कर लगभग 77 लाख हो गई है।
इसी बीच, चुनाव आयोग ने गुरुवार रात जानकारी दी कि राज्य के 9 जिलों की 14 विधानसभा सीटों के लिए 14 और रिटर्निंग अधिकारियों को बदलने का फैसला लिया गया है। इससे पहले, आयोग ने 73 रिटर्निंग अधिकारियों को बदला था।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होंगे। पहले चरण में 152 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग होगी और दूसरे चरण में बाकी बची 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





