भारत

पश्चिम बंगाल: एसआईआर प्रक्रिया में लापरवाही बरतने पर बीएलओ को दी गई कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

jantaserishta.com
9 Nov 2025 4:59 PM IST
पश्चिम बंगाल: एसआईआर प्रक्रिया में लापरवाही बरतने पर बीएलओ को दी गई कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
x
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में लापरवाही बरतने का मामला सामने आने के बाद राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कई ब्लॉक लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) को चेतावनी जारी की है।
आरोप है कि कुछ बीएलओ ने निर्वाचन आयोग के स्पष्ट निर्देशों की अनदेखी करते हुए घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म बांटने के बजाय एक ही स्थान पर बैठकर वितरण किया। इस पर सीईओ कार्यालय ने कड़ा रुख अपनाया है और साफ कहा है कि यदि किसी अधिकारी की लापरवाही साबित होती है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह सख्ती ऐसे समय में आई है जब देशभर में चुनाव आयोग ने दूसरे चरण के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया को लेकर कमर कस ली है। इससे पहले 27 अक्टूबर को चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दूसरे चरण की एसआईआर का औपचारिक ऐलान किया था।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 9 दिसंबर 2025 को मतदाता सूची का मसौदा प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 9 दिसंबर से 8 जनवरी 2026 तक आपत्तियां और सुझाव दर्ज कराने की अवधि रखी गई है। फिर 9 दिसंबर से 31 जनवरी 2026 तक सुनवाई और सत्यापन की प्रक्रिया चलेगी। 7 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
चुनाव आयोग के अनुसार, इस चरण में 12 राज्यों के करीब 51 करोड़ मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। इनमें सबसे अधिक उत्तर प्रदेश के 15.44 करोड़ और दूसरे स्थान पर पश्चिम बंगाल के 7.66 करोड़ मतदाता शामिल हैं।
दूसरे चरण में पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, राजस्थान, पुडुचेरी, मध्य प्रदेश, लक्षद्वीप, केरल, गुजरात, गोवा, छत्तीसगढ़ और अंडमान-निकोबार शामिल हैं, जहां एसआईआर किया जाना है। पहले चरण में बिहार को कवर किया गया था, जहां आयोग को कोई आपत्ति नहीं मिली थी। इस पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ने बिहार की सराहना करते हुए कहा था कि यह अब तक की सबसे शुद्ध मतदाता सूची है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story