भारत

Weather Update: झारखंड में चक्रवाती तूफान 'गुलाब' का असर, येलो अलर्ट जारी

Kunti Dhruw
29 Sep 2021 4:13 PM GMT
Weather Update: झारखंड में चक्रवाती तूफान गुलाब का असर, येलो अलर्ट जारी
x
रांची समेत पूरे झारखंड में बुधवार को चक्रवाती तूफान गुलाब का असर दिखा।

रांची समेत पूरे झारखंड में बुधवार को चक्रवाती तूफान गुलाब का असर दिखा। कई इलाकों में मध्यम तो कई जगह भारी बारिश हुई। इससे जनजीनवन अस्तव्यस्त हो गया। गुरुवार को भी राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश के आसार हैं। इसको लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।बंगाल से सटे जिलों में भारी बारिश की संभावना है।तेज हवाएं भी चलेंगी। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग और रामगढ़ में भी भारी बारिश की उम्मीद जताई गई है। इसके अलावा कोल्हान, सिमडेगा और खूंटी में भी भारी बारिश हो सकती है। संताल में हवाओं की रफ्तार ज्यादा होगी।

जानकारी के अनुसार रांची समेत झारखंड के कई इलाकों में बुधवार को तेज हवा के साथ बारिश हुई। रांची में सुबह से शाम तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। रांची में मध्यम दर्जे की बारिश हुई। यहां सात मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में भी हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। सर्वाधिक 49 मिमी बारिश राजमहल-साहिबगंज में दर्ज हुई। संताल से कोयलांचल में भी भारी बारिश और आंधी से परेशानी हुई। धनबाद में पिछले 12 घंटे से मूसलाधार बारिश हो रही है। यहां बीते 24 घंटे में 20 मिमी बारिश दर्ज की गई। इधर, गिरिडीह में सुबह से कभी तेज तो कभी हल्की बारिश हुई। हालांकि कहीं से नुकसान की खबर नहीं है। दुमका में भी रुक-रुक कर बारिश होती रही। तेज हवाओं और बारिश के कारण काठीकुंड के सेजपहाड़ी गांव में कच्चा घर गिर जाने से एक महिला और एक छोटी बच्ची घायल हो गई है।
गुलाब तूफान का असर गुरुवार को भी राज्य के कई हिस्सों में दिखेगा। इसको लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट भी जारी किया है। इस अवधि में पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में निम्न दबाव का प्रभाव बना रहेगा। इस दौरान झारखंड के कुछ इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। वहीं हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा हो सकती है। यदि मौसम में थोड़ा और बदलाव हुआ तो हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रतिघंटा हो जाएगी।
Next Story