भारत
मंगलवार से बदलेगा मौसम का मिजाज, दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
jantaserishta.com
21 Sept 2026 6:47 PM IST

x
कोलकाता: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में मंगलवार से शुक्रवार तक भारी बारिश होने की संभावना है।भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को यह जानकारी दी।
मौसम विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, उत्तर अंडमान सागर में बना चक्रवाती परिसंचरण मजबूत होकर रविवार को स्पष्ट निम्न दबाव में बदल गया था। यह पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है तथा आज पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में गहरे निम्न दबाव क्षेत्र (डीप डिप्रेशन) में बदलने की संभावना है।
इसके प्रभाव से दक्षिण बंगाल में छिटपुट बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मंगलवार से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में बुधवार से शुक्रवार तक भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं, फिलहाल उत्तर बंगाल में भारी बारिश की संभावना नहीं है और बुधवार तक बारिश कम रहने की संभावना है, हालांकि गुरुवार को दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार जिलों में फिर से भारी बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग ने मंगलवार से शुक्रवार तक मछुआरों को मध्य और उत्तरी बंगाल की खाड़ी के गहरे समुद्री क्षेत्रों में जाने से मना किया है। इन क्षेत्रों में समुद्र में जाने पर रोक रहेगी। बुधवार से शुक्रवार तक बांग्लादेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट के समुद्री इलाकों में भी मछुआरों के जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
पूर्वानुमान के मुताबिक, मंगलवार से दक्षिण बंगाल के जिलों में बारिश बढ़ेगी। सभी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्व मेदिनीपुर और उत्तर 24 परगना व दक्षिण 24 परगना के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बुधवार को दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। तटीय जिलों दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। अन्य जिलों के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
गुरुवार को बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है। दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया और पूर्व बर्धमान समेत सात जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। उत्तर और दक्षिण 24 परगना तथा पूर्व मेदिनीपुर के तटीय क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अन्य जिलों के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
उत्तर बंगाल में बुधवार से बारिश बढ़ने की उम्मीद है। गुरुवार को दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी और उत्तर दिनाजपुर जिलों में भी यलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। कोलकाता में मंगलवार से बारिश में बढ़ोतरी होगी। बुधवार से शुक्रवार के बीच बारिश की संभावना सबसे अधिक रहने का अनुमान है।
रविवार को कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों का अधिकतम तापमान 29.02 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.06 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 24.06 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.07 डिग्री कम है। वहीं, सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 98 प्रतिशत और न्यूनतम 79 प्रतिशत दर्ज की गई।
TagsWeather
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





