भारत

उत्तराखंड में मौसम बिगड़ा, चारधाम यात्रा पर लगी रोक

SHIDDHANT
26 Sept 2026 6:27 PM IST
उत्तराखंड में मौसम बिगड़ा, चारधाम यात्रा पर लगी रोक
x
मौसम का बदला मिजाज, चारधाम यात्रा हुई स्थगित
Dehradun. देहरादून। उत्तराखंड में मौजूदा मौसम की स्थिति और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए चारधाम यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 26 सितंबर से 27 सितंबर 2026 तक यात्रा स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में गढ़वाल मंडल आयुक्त कार्यालय की ओर से सभी संबंधित जिलाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।


गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप की ओर से 26 सितंबर को जारी पत्र में बताया गया है कि मौसम विज्ञान केंद्र के माध्यम से प्राप्त सूचना के अनुसार उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में खराब मौसम की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनी को देखते हुए चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है। आदेश के मुताबिक चारधाम यात्रा को 26 सितंबर से 27 सितंबर तक के लिए स्थगित किया गया है। इस दौरान संबंधित जिलों के प्रशासन को यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
गढ़वाल मंडल के सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में उत्तराखंड चारधाम यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं के तहत मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। प्रशासन को श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मौसम से जुड़े संभावित खतरे को देखते हुए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश की प्रतिलिपि मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, संबंधित जिलाधिकारियों और अन्य अधिकारियों को भी भेजी गई है। इसके साथ ही चारधाम यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन और उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा स्थगित करने का फैसला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
Next Story