भारत

एनसीआर में मौसम ने बदला मिजाज, येलो अलर्ट का दिखा असर

jantaserishta.com
6 Oct 2025 2:05 PM IST
एनसीआर में मौसम ने बदला मिजाज, येलो अलर्ट का दिखा असर
x
नोएडा: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। रविवार रात से ही आसमान में काले बादल छा गए और हल्की-हल्की बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलने लगीं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 6 अक्टूबर के लिए एनसीआर और आसपास के इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार दिनभर अलग-अलग समय पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वानुमान के मुताबिक, सुबह से लेकर रात तक कई चरणों में बारिश का दौर देखने को मिलेगा। हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि सुबह, दोपहर, शाम और रात, चारों समय बारिश के साथ आंधी-तूफान का असर रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक 6 अक्टूबर को अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है। वहीं, नमी का स्तर 70 से 93 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। मौसम ठंडा और उमस भरा भी रहेगा। तेज हवाओं और बारिश के कारण यातायात पर असर पड़ सकता है। कई जगह जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है।
वहीं, बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 7 अक्टूबर को भी बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, इसके बाद 8 अक्टूबर से मौसम साफ होना शुरू होगा और 9 से 11 अक्टूबर तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। इस दौरान दिन का तापमान 32 से 33 डिग्री और रात का तापमान 21 डिग्री के आसपास रहेगा।
अक्टूबर की शुरुआत में एनसीआर में बारिश ने लोगों को अचानक ठंडक का एहसास करा दिया है। हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक तीन से चार दिनों में ही स्थिति फिर सामान्य हो जाएगी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story