भारत

उत्तर-पूर्व राज्यों में फिर बदला मौसम, इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

Kunti Dhruw
16 March 2021 5:14 PM GMT
उत्तर-पूर्व राज्यों में फिर बदला मौसम, इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
x
मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क: नई दिल्ली, मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ 16 मार्च से अपना प्रभाव दिखाएगा। इसी के चलते 17 व 18 मार्च को तेज बारिश व बर्फबारी होगी। इसी तरह 18 व 19 मार्च को देश के उत्तर पश्चिमी इलाकों में भी इसके प्रभाव के कारण (Rain and Storm) बारिश व तूफान के आसार है।

मौसम विभाग के मुताबिक कुछ एक पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा, जिस कारण बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में 16 मार्च से अगले पांच दिनों तक बारिश और बर्फबारी की बात कही गई है।
स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू कश्मीर, गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और लद्दाख में हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की उम्मीद है। 17 से 18 तारीख को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 18 और 19 मार्च को मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। मध्य प्रदेश के कई हिस्सों, विदर्भ और दक्षिण पूर्व और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में उस दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश और असम में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
उत्तर-पूर्व राज्यों में तेज बारिश की संभावना
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक देश के नॉर्थ-ईस्ट राज्यों में 19 मार्च तक तेज बारिश हो सकती है। इन राज्यों में अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, नागालैंड, असम, त्रिपुरा व मणिपुर शामिल हैं। यहां तेज हवाएं चलने की भी बात कही गई है।
हिमाचल में बारिश और बर्फबारी के आसार
हिमाचल प्रदेश में बुधवार और गुरुवार को मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इसके अलावा 21 और 22 मार्च को भी मध्य और उच्च पर्वतीय भागों में बारिश-बर्फबारी की संभावना है। मैदानी भागों में 22 मार्च को बारिश के आसार हैं। 21 मार्च तक मैदानी भागों में मौसम साफ रहने की संभावना है।
पंजाब के जालंधर में 17 मार्च तक बादल छाएंगे, बूंदाबांदी के आसार
प्रदेश के कई शहरों में 17 मार्च तक सुबह और शाम को बादल छाए रहने के आसार हैं। हिमाचल में चक्रवात का असर जारी है। इसलिए जालंधर में भी मौसम बदलता रहेगा। आज कई इलाकों में बूंदाबांदी के आसार हैं। दिन में गर्मी के बीच सुबह और शाम को सुहाना मौसम रहेगा।


Next Story