भारत

मौसम बुलेटिन: जानिए आज कैसा रहेगा इन राज्यों में मौसम का हाल

Nilmani Pal
7 Jun 2022 1:51 AM GMT
मौसम बुलेटिन: जानिए आज कैसा रहेगा इन राज्यों में मौसम का हाल
x

उत्तर और मध्य भारत के विभिन्न राज्यों में फिर से हीटवेव की स्थिति लौट आई है. पिछले दिनों प्री-मॉनसून की बारिश ने तापमान में भारी गिरावट कर दी थी, लेकिन एक बार फिर से तापमान बढ़ने लगा है. दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश आदि जैसे राज्यों में तापमान 44-45 डिग्री तक पहुंच रहा है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, मध्य प्रदेश आदि में आज हीटवेव की गंभीर स्थिति रहने वाली है. हालांकि, अब भी सिक्किम जैसे कई राज्य हैं, जहां पर बारिश होती रहेगी. मौसम विभाग (IMD) ने बंगाल, सिक्किम के लिए अगले पांच दिनों तक भारी बारिश का अनुमान जताया है. इसके साथ ही, नॉर्थवेस्ट, सेंट्रल इंडिया में अगले तीन-चार दिनों तक हीटवेव चलेगी.

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां पारा फिर से बढ़ रहा है. IMD के अनुसार, दिल्ली में आज का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है, जबकि अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा. दिन के समय तेज हवाएं चलने का अनुमान है. यूपी के लखनऊ का आज न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहेगा. आसमान में तेज धूप खिली रहेगी. बिहर के पटना की बात करें तो यहां आज का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है. आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे.

शहर न्यूनतम तापमान अधिकतम तापमान

दिल्ली 27.0 44.0

श्रीनगर 14.0 30.0

अहमदाबाद 28.0 42.0

भोपाल 30.0 44.0

चंडीगढ़ 28.0 46.0

देहरादून 24.0 42.0

जयपुर 30.0 40.0

शिमला 22.0 31.0

मुंबई 29.0 33.0

लखनऊ 29.0 43.0

गाजियाबाद 30.0 43.0

जम्मू 28.0 44.0

लेह 9.0 23.0

पटना 27.0 39.0

MP, महाराष्ट्र में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग की मानें तो आज मध्य प्रदेश में हीटवेव की स्थिति रहने वाली है. कुछ इलाकों में तापमान काफी ज्यादा रहने वाला है. वहीं, राजधानी भोपाल में आज का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहेगा. भोपाल में 10 जून से पहले बारिश होने का अनुमान नहीं है. मुंबई में आज का न्यूनतम तापमान 29 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है. अगले कई दिनों तक मुंबई में बारिश होती रहेगी.

अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम

वहीं, उत्तराखंड की बात करें तो देहरादून में आज का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा. इसके अलावा, राजस्थान के जयपुर का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहेगा. वहीं, हिमाचल प्रदेश के शिमला में आज का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहेगा.

इन राज्यों में आज होगी बारिश

सिक्किम, बंगाल के अलावा, आज कर्नाटक, अंडमान, पूर्वोत्तर भारत, तमिलनाडु, केरल, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र में झमाझम बारिश होने वाली है. skymetweather के अनुसार, जम्मू कश्मीर और ओडिशा में भी आज बारिश के आसार हैं. वहीं, बीते दिन कर्नाटक, ओडिशा आदि में हल्की बारिश हुई.


Next Story