भारत

देश में मौसम बिगड़ने के बन रहे हालात, अगले 24 घंटों के दौरान इन राज्यों में होगी आंधी तूफान समेत भारी बारिश

Kunti Dhruw
14 May 2021 6:00 PM GMT
देश में मौसम बिगड़ने के बन रहे हालात, अगले 24 घंटों के दौरान इन राज्यों में होगी आंधी तूफान समेत भारी बारिश
x
देश में लगभग पिछले दो हफ्तों में लू से राहत दर्ज की गई है।

नई दिल्ली, देश में लगभग पिछले दो हफ्तों में लू से राहत दर्ज की गई है। देश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। वहीं, अब मानसून भी आने वाला है, जो कि सामान्य रहेगा, ऐसी उम्मीद लगाई गई है। इस बीच देश में देश के कई राज्यों में चक्रवात तूफान तौकते का असर दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को भारत मौसम विज्ञान विभाग ने चक्रवात तौकते को लेकर बड़ी चेतावनी जारी की है। इन सबसे मौसम में काफी बदलाव आ रहा है और कई हिस्सों में भारी बारिश और आंधी तूफान की स्थिति बनी हुई है। मौसम की जानकारी देने वाली संस्था स्काइमेट की माने तो लक्षद्वीप और उससे सटे दक्षिण पूर्व अरब सागर के ऊपर गहरे कम दबाव का क्षेत्र डिप्रेशन में बदल गया है। कल 15 मई तक यह चक्रवाती तूफान ताऊ ते बन सकता है। इसके उत्तर उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने तथा और अधिक सशक्त होने की उम्मीद है। बताया गया कि देश में कई अलग अलग मौसमी सिस्टम बने हुए हैं।

अगले 24 घंटों के दौरान कहां होगी बारिश
स्काइमेट के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान, लक्षद्वीप, केरल, कर्नाटक, आंतरिक तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और कोंकण और गोवा में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक दो स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया गया है।
वहीं, पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा के कुछ हिस्सों, गंगीय पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और पश्चिमी हिमालय राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, केरल, कर्नाटक, दक्षिण महाराष्ट्र तट और लक्षद्वीप क्षेत्र में समुद्र की लहरें काफी ऊंची उठेंगे तथा तेज हवाएं चलती रहेंगी।
चक्रवाती तूफान के चलते गुजरात, केरल समेत देश के पांच राज्यों पर खतरा
चक्रवाती तूफान की 18 मई को भारतीय तटों से टकराने की आशंका है। इससे भारी नुकसान का अंदेशा भी है। राहत और बचाव के उपाय अभी से शुरू हो गए है। प्रभाव की आशंका वाले पांच राज्यों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के 53 दल तैनात कर दिए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र शनिवार सुबह तक बढ़ने की आशंका है। इसके बाद 24 घंटे के भीतर यह चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। 16 से 19 मई के बीच यह भयंकर तूफान का रूप लेकर भारी बर्बादी कर सकता है। इन राज्यों में गुजरात, केरल, कर्नाटक , तमिलनाडु, लक्षद्वीप शामिल है। साथ ही कोंकण के तटीय इलाकों और गोवा में भारी बारिश हो सकती है।
Next Story