
x
अब हर हमले का मिलेगा मुंहतोड़ जवाब
Jerusalem यरुशलम। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि इजरायल पर हमला किया गया तो इस बार जवाब पहले से कहीं अधिक ताकतवर और निर्णायक होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इजरायल किसी भी परिस्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है और अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगा।
नेगेव समिट के दौरान संबोधन में नेतन्याहू ने कहा, "अगर आप हम पर हमला करते हैं तो यह मत समझिए कि सब कुछ शांत रहेगा। यह भी मत सोचिए कि पिछली बार जैसा ही होगा। इस बार हमारी प्रतिक्रिया अलग होगी और कहीं अधिक शक्तिशाली होगी। उन्होंने कहा कि इजरायल अब हर हमले का जवाब पूरी ताकत से देगा। उनके अनुसार, वे दिन बीत चुके हैं जब कोई इजरायल को नुकसान पहुंचाए और उसे करारा जवाब न मिले। नेतन्याहू ने कहा कि उनकी सरकार ने पहले भी ईरान समर्थित समूहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है और भविष्य में भी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए आवश्यक हर कदम उठाएगी।
इजरायली प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब क्षेत्र में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। होर्मुज जलडमरूमध्य और आसपास के इलाकों में सुरक्षा स्थिति को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंता भी बढ़ी हुई है। ऐसे माहौल में नेतन्याहू के बयान को क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ाने वाला माना जा रहा है। हालांकि, ईरान की ओर से नेतन्याहू के ताजा बयान पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया की मौजूदा परिस्थितियों में दोनों देशों के बीच बढ़ती बयानबाजी क्षेत्रीय स्थिरता के लिए चुनौती बन सकती है।
Next Story





