भारत
समाज के हर वर्ग को जोड़कर 'विकसित भारत 2047' का सपना पूरा करेंगे: नितिन नवीन
jantaserishta.com
24 Aug 2026 4:55 PM IST

x
नई दिल्ली: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत पावन माटी कलश ‘वंदन एवं वितरण कार्यक्रम’ को संबोधित किया और कहा कि समरसता संकल्प अभियान का उद्देश्य संत रविदास जी के सामाजिक समरसता, समानता और निष्काम कर्म के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है।
नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीब और अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाएं पहुंचाई जा रही हैं तथा 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। भाजपा का संकल्प है कि समाज के हर वर्ग को जोड़कर 2047 तक 'विकसित भारत' के लक्ष्य को साकार किया जाए। संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती को प्रधानमंत्री मोदी की सोच के साथ पूरी पार्टी मना रही है। इस पवित्र अभियान में समाज का हर वर्ग हमारे साथ उपस्थित होकर कार्यक्रम में भाग ले रहा है। मैं यहां उपस्थित सभी लोगों का अभिनंदन करता हूं।
उन्होंने कहा, "29 जुलाई को जब इस पवित्र अभियान की शुरुआत की गई, तो वह दिन गुरु पूर्णिमा का था। गुरु पूर्णिमा के दिन इस कार्यक्रम का आरंभ इसलिए किया गया कि जिस दिन गुरुओं का आशीर्वाद मिलेगा, तभी संत शिरोमणि रविदास की जयंती से जुड़े इस अभियान को गुरुओं के आशीर्वाद से सफलता मिलेगी। जिस प्रकार बनारस के उस कार्यक्रम में देश के सभी राज्यों से लोग उपस्थित हुए और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं उपस्थित होकर पूरे अभियान में सहभागिता की और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल ने अभियान की शुरुआत की। हमें खुशी है कि भारतीय जनता पार्टी का पूरा कार्यकर्ता वर्ग समाज के साथ मिलकर समरसता के संकल्प के इस अभियान को आगे लेकर चल रहा है।"
उन्होंने कहा कि भारत की यह भूमि संतों की भूमि है, यह तप की भूमि है। हम सब इसके साक्षी हैं कि इस देश में जब-जब कोई असमानता आई है, जब-जब इस देश को आपदा मिली है और जब-जब देश को उस आपदा से बाहर निकालने का अवसर मिला है, तब संतों का आशीर्वाद इस देश को हमेशा मिलता रहा है। मैं आज के दिन अपने सभी संतों और महापुरुषों को नमन करता हूं। संतों और महापुरुषों ने जो ज्ञान और संकल्प भारतीय संस्कृति तथा भारतीय समाज को दिया है, उसी का प्रतिबिंब है कि प्रधानमंत्री मोदी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र को लेकर चल रहे हैं।
नवीन ने कहा कि हम संत शिरोमणि रविदास के उन प्रयासों को भी स्मरण करना चाहते हैं। जब समाज में ऊंच-नीच थी और समाज कई कुप्रथाओं से जकड़ा था, उस समय उनके विचारों और प्रयासों ने कड़ा प्रहार किया तथा पूरे देश में सामाजिक समरसता की नींव रखने का काम गुरु रविदास ने किया। भाजपा उन्हीं के विचारों को लेकर इस पूरे समरसता संकल्प अभियान की शुरुआत कर रही है। हम मानते हैं कि जब विदेशी आक्रमण हुए और यहां बड़े पैमाने पर धर्म परिवर्तन की ओर लोगों को ले जाने का प्रयास हो रहा था, उस समय भी संत शिरोमणि श्री रविदास जी के विचारों और संघर्ष ने भारतीय समाज तथा भारतीय सनातन परंपराओं को बचाने का काम किया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जब कोरोना कालखंड में ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना’ की शुरुआत की और हर गरीब के घर में 5 किलो अनाज मुफ्त में पहुंचाने की व्यवस्था की गई, तो कहीं न कहीं यह कल्पना थी कि कोई व्यक्ति भूखा न सोए और कोई व्यक्ति अन्न के लिए मोहताज न रहे। आज जब हम कहते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में समरसता के उस भाव को आगे लेकर जाते हुए 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने का काम किया गया, तो यह कहीं न कहीं संत शिरोमणि रविदास की सोच को आगे बढ़ाने का काम है।
उन्होंने कहा कि हम समाज के हर वर्ग को जोड़कर 2047 के विकसित भारत का सपना पूरा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के विजन और संत शिरोमणि रविदास द्वारा दिए गए आदर्शों एवं विचारों को लेकर, समरसता के भाव से समाज और देश के विकास का काम करेंगे।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





