भारत

दहेज नहीं, बेटी चाहिए! सरपंच ने पेश की अनोखी मिसाल, एक रुपये में बहू लाये

SHIDDHANT
25 Nov 2026 10:33 PM IST
दहेज नहीं, बेटी चाहिए! सरपंच ने पेश की अनोखी मिसाल, एक रुपये में बहू लाये
x
न लाखों की दौलत, न सोने के गहने, एक रुपये में पक्का हुआ रिश्ता
हरियाणा। भिवानी जिले के धनाना-2 गांव के सरपंच वेदपाल जांगड़ा ने दहेज प्रथा के खिलाफ समाज को प्रेरणादायक संदेश दिया है। उन्होंने अपने बेटे की शादी में लड़की पक्ष की ओर से दिए जा रहे 11 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण लेने से इनकार कर दिया। सरपंच और उनके परिवार ने महज एक रुपये का शगुन स्वीकार कर रिश्ता तय किया। उनकी इस पहल की जमकर सराहना हो रही है।
धनाना गांव में सरपंच वेदपाल जांगड़ा के बेटे विकास जांगड़ा और भिवानी शहर की फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी दीपांशी के लग्न की रस्म आयोजित की गई थी। इस अवसर पर लड़की पक्ष अपनी इच्छा से 11 लाख रुपये नकद और सोने के आभूषण लेकर पहुंचा था। हालांकि, सरपंच और उनके परिवार ने नकदी और आभूषण स्वीकार करने से साफ इनकार कर दिया।
सरपंच वेदपाल जांगड़ा ने कहा कि एक पिता अपनी बेटी का पालन-पोषण करने और उसे पढ़ाने-लिखाने में काफी मेहनत करता है। ऐसे में विवाह के समय उस पर दहेज का आर्थिक बोझ डालना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि दहेज नहीं लेने का निर्णय पूरे परिवार की सहमति से लिया गया है।
सरपंच ने कहा कि जब कोई पिता अपनी बेटी का रिश्ता किसी परिवार में करता है, तो वह पहले ही बहुत कुछ दे चुका होता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बहू को बेटी की तरह रखेंगे और उसे किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देंगे। वहीं, दीपांशी के पिता वीरेंद्र नारायण ने बताया कि उन्होंने अपनी इच्छा से नकदी और आभूषण देने चाहे थे, लेकिन लड़के पक्ष ने इन्हें स्वीकार नहीं किया। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि उनकी बेटी का रिश्ता ऐसे परिवार में हुआ है, जहां दहेज को महत्व नहीं दिया जाता।
लग्न समारोह में बवानीखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक कपूर वाल्मीकि भी शामिल हुए। उन्होंने सरपंच की पहल की सराहना करते हुए कहा कि दहेज प्रथा के कारण कई परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार बेटियों की शादी के लिए परिवारों को कर्ज तक लेना पड़ता है। सरपंच वेदपाल जांगड़ा के परिवार का यह फैसला दहेज मुक्त विवाह को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक पहल है। महज एक रुपये के शगुन में रिश्ता तय कर परिवार ने समाज में समानता, सम्मान और मानवीय मूल्यों का संदेश दिया है।
Next Story