भारत

यमुना का जल स्तर कुछ नीचे, पानी घटने पर ही मिलेगी राहत, ट्रीटमेंट प्लांट होंगे शुरू: अरविंद केजरीवाल

jantaserishta.com
14 July 2023 11:14 AM GMT
यमुना का जल स्तर कुछ नीचे, पानी घटने पर ही मिलेगी राहत, ट्रीटमेंट प्लांट होंगे शुरू: अरविंद केजरीवाल
x
नई दिल्ली: यमुना में बढ़े जलस्तर से दिल्ली जल बोर्ड का इंद्रप्रस्थ रेगुलेटर क्षतिग्रस्त हो गया। दिल्ली सरकार, एनडीआरएफ और आर्मी की टीमें इसे ठीक कर रही हैं। यह रेगुलेटर गुरुवार शाम करीब 7 बजे पानी का भारी दबाव पड़ने पर क्षतिग्रस्त हो गया था। इसकी वजह से यमुना का पानी शहर के अंदर घुसने लग गया। इसकी मरम्मत की जा रही है। पूरी रात इंजीनियरों और स्टाफ ने मिलकर इसकी मरम्मत करने की कोशिश की है।
दिल्ली सरकार के मुताबिक यमुना में पानी का बहाव बहुत ज्यादा है। पानी के तेज बहाव के कारण डीजेबी का यह रेगुलेटर मुड़ गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उम्मीद है कि अगले 4-5 घंटे में इसे ठीक कर लिया जाएगा। सरकार, एनडीआरएफ और आर्मी की टीमें पूरी मेहनत से काम कर रही हैं। हमारी कोशिश है कि पानी शहर के अंदर नहीं घुसना चाहिए। यमुना का जलस्तर भी कम होना शुरू हो गया है। लेकिन, शनिवार को फिर बारिश की संभावना है। ऐसे में मुख्यमंत्री ने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि यमुना का जलस्तर जो नीचे जा रहा है, वो नीचे ही जाता रहे।
सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि धीरे-धीरे यमुना का जल स्तर नीचे जा रहा है। दिल्ली के लोगों को अब राहत मिलनी चालू हो जाएगी। गुरुवार को यमुना का जलस्तर 208.66 मीटर पहुंच गया था। शुक्रवार को यह 208.66 मीटर से घट कर 208.38 मीटर पर आ गया है। जैसे-जैसे यमुना का जलस्तर नीचे जाएगा, वैसे-वैसे लोगों को राहत मिलती जाएगी। सीएम ने बंद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को लेकर कहा कि जैसे ही यमुना का जलस्तर नीचे जाएगा, वैसे ही सभी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट काम करना शुरू कर देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा को इस समय राजनीति नहीं करनी चाहिए। भाजपा जो भी कह रही है, मैं उस पर कोई जवाब नहीं देना चाहता। आईटीओ ब्रिज के कुछ फाटक बंद होने के सवाल का जवाब देते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ब्रिज पर 32 गेट हैं। इसमें से 5 गेट खुल नहीं पाए हैं। हरियाणा सरकार इसका रख-रखाव करती है। उन गेटों को खोलने की कोशिश जारी है। यह एक-दूसरे को दोष देने का समय नहीं है। सभी मिलकर काम कर रहे हैं। अगर सभी गेट खुले हुए होते तो पानी के बाहर निकलने में तेजी आती। यमुना में जब से जलस्तर खतरे के निशान को पार किया है, तभी से बाढ़ संभावित इलाकों में लगातार मुनादी कर लोगों को अलर्ट किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली के अलग-अलग जगहों पर हुए जलभराव को लेकर कहा कि दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग वजहों से पानी भरा है। मसलन, आईटीओ पर रेगुलेटर के क्षतिग्रस्त होने की वजह से पानी आया है। राजघाट पर एक ड्रेन बैक मार गया है, उसकी वजह से यमुना का पानी आया है। दिल्ली के कई इलाकों में यमुना के ओवर फ्लो की वजह से पानी आया है।
Next Story