
यूपी। ग्रेटर नोएडा में परीचौक के पास ऐचेर स्थित एक पेट्रोल पंप पर गाड़ियों में पेट्रोल की जगह पानी भरे जाने का मामला सामने आया है. इस घटना के कारण 10 वाहन खराब हो गए. जिसके बाद ग्राहकों ने जमकर हंगामा किया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया. यह घटना बीटा 2 थाना क्षेत्र के सेक्टर पाई वन स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर शनिवार दोपहर को हुई.
कई लोग अपनी गाड़ियों और मोटरसाइकिलों में पेट्रोल भरवाकर वहां से निकले, लेकिन कुछ ही दूरी पर जाकर उनके वाहन अचानक बंद पड़ गए. वाहन खराब होने के बाद ग्राहक वापस पेट्रोल पंप पर लौटे और कर्मचारियों व मैनेजर से शिकायत की. जांच करने पर पता चला कि पेट्रोल पंप के टैंक में लीकेज के कारण पानी चला गया था. ऐसे में वही पानी वाहनों की टंकी में डाल दिया गया.
इस खुलासे के बाद ग्राहकों ने पेट्रोल पंप पर हंगामा शुरू कर दिया. स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को मौके पर बुलाया गया. जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर लोगों को शांत कराया और मामले की जांच शुरू की. घटना के कारण 4 कारें और 6 मोटरसाइकिलें खराब हो गईं. कई वाहनों को मौके पर ही मैकेनिक बुलाकर ठीक कराना पड़ा. इस लापरवाही से आहत ग्राहकों ने मुआवजे की मांग की है. हालांकि मुआवजे पर पेट्रोल की तरफ से भी सहमति जताई गई है.
पेट्रोल पंप पर मौजूद ग्राहक ने बताया कि वह अपनी बाइक में पेट्रोल डलवा कर निकाला तो बाइक बीच में बंद होने लगी. फिर उसने जब चेक किया तो पेट्रोल में पानी मिक्स हुआ पड़ा था. यह पूरी पेट्रोल पंप की गलती है क्योंकि पेट्रोल को हमेशा चेक किया जाता है. पेट्रोल पंप पर काम करने वाले आईजीएल टेक्नीशियन संदीप ने बताया कि पेट्रोल से भरा हुआ जब टैंकर आया था तो टैंकर बैक करते समय पानी के पाइप टूट गए थे.





