
यूपी। प्रयागराज के बेली अस्पताल में भर्ती 42 वर्षीय मरीज मनोज कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कैंट पुलिस की जांच में पता चला कि मनोज की अस्पताल के वार्ड ब्वॉय इरफान और उसके साथी जितेंद्र कुमार द्वारा बेरहमी से पिटाई की वजह से मौत हुई थी। पुलिस ने मंगलवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया।
कीडगंज के मनोज कुमार को परिजनों ने चार जुलाई को बेली अस्पताल में भर्ती कराया था। पांच जुलाई की देर रात मनोज संदिग्ध हालात में वार्ड से लापता हो गया और छह जुलाई की सुबह अस्पताल गेट पर मृत मिला था। मृतक की पत्नी रिंकी की तहरीर पर कैंट पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच की, तो मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार, मानसिक रूप से बीमार मनोज पांच जुलाई की देर रात भर्ती वार्ड से बाहर निकलकर अस्पताल परिसर की आवासीय कॉलोनी पहुंच गया। जहां एक आवास का दरवाजा खटखटाने लगा। आसपास के लोग जुट गए। इसी दौरान अस्पताल का वार्ड ब्वॉय इरफान और उसका साथी जीतेंद्र भी पहुंच गए। दोनों ने मनोज के साथ मारपीट की। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें लगने से मनोज बेहोश हो गया। उसे अस्पताल गेट के पास छोड़कर फरार हो गए थे।





