बंगाल में मतदान जारी, CEO ऑफिस कंट्रोल रूम की तस्वीर, CCTV से सभी सेंटरों की निगरानी

बंगाल। आज पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में चुनाव का दिन है. तमिलनाडु की सभी 234 सीट पर वोटिंग सुबह सात बजे से शुरू हो गई है जबकि पश्चिम बंगाल की 152 सीटों पर पहले चरण में वोट डाले जा रहे हैं. बंगाल चुनाव के पहले चरण में जनता 1478 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेगी. पश्चिम बंगाल में जहां टीएमसी और बीजेपी के बीच कड़ा मुकाबला है.
मालदा जिले में मतदाताओं का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. मालदा के कोतवाली प्राइमरी स्कूल स्थित मतदान केंद्र से आ रही तस्वीरों में वोट डालने के लिए लोगों की लंबी कतारें और भारी भीड़ देखी जा सकती है.
कई मतदान केंद्रों के बाहर वोटरों, विशेषकर महिलाओं की लंबी कतारें दिख रही है. वोटिंग को लेकर महिलाओं में खास उत्साह है. वहीं तमिलनाडु में भी महिला वोटर बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए वोटिंग केंद्रों पर पहुंचे हैं.
गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, 'आज बंगाल में पहले चरण का मतदान है. इस बार का बंगाल चुनाव प्रदेश के वर्तमान के साथ-साथ भविष्य के लिए भी बहुत महत्त्वपूर्ण है. एक मजबूत नेतृत्व वाली सरकार ही बंगाल की डेमोग्राफी बदलने वाले घुसपैठियों, सिंडिकेट और कटमनी राज से प्रदेश को मुक्ति दिला सकती है. बंगाल की माताओं, बेटियों के लिए सुरक्षित बंगाल बनाने हेतु आज बढ़-चढ़कर वोट करें. सभी मतदाता, विशेषकर युवा, आज एक समृद्ध और विकसित बंगाल बनाने के लिए पहले मतदान करें, फिर जलपान करें.'





