भारत

मतदाता सूची लीक: क्राइम ब्रांच ने शुरू की जांच, CEO कार्यालय ने धांधली का लगाया था आरोप

jantaserishta.com
3 July 2021 10:23 PM IST
मतदाता सूची लीक: क्राइम ब्रांच ने शुरू की जांच, CEO कार्यालय ने धांधली का लगाया था आरोप
x

तिरुअनंतपुरम: केरल पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मतदाता सूची के कथित तौर पर लीक होने की शिकायत पर एफआइआर दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि कार्यालय के कंप्यूटर को हैक करके मतदाताओं का डाटा लीक किया गया था।

समाचार एजेंसी आइएएनएस के मुताबिक, शिकायत में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं के अलावा साजिश और चोरी के आरोप भी लगाए गए हैं। जांच का नेतृत्व क्राइम ब्रांच के एसपी शाह नवाज करेंगे। राज्य में चुनावों से पहले तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष रमेश चेन्नीथला ने मुख्य चुनाव अधिकारी टीका राम मीणा से मुलाकात की थी और मतदाता सूची में की जा रही धांधलियों के बारे में शिकायत की थी। उनका कहना था कि यह एक साजिश का हिस्सा है। चेन्नीथला का आरोप था कि मतदाता सूची का अवलोकन करने पर पता चला कि एक ही विधानसभा क्षेत्र में एक ही व्यक्ति को कई मतदाता पहचान पत्र जारी कर दिए गए। इन पहचान पत्रों में पते और अन्य विवरणों में मामूली बदलाव किया गया था, लेकिन सभी में फोटो एक ही था। ऐसा लगता है कि मतदाता सूची में धांधली के सुनियोजित प्रयास किए गए क्योंकि ऐसी अनियमितताओं का कई विधानसभा क्षेत्रों में भी पता चला।
जांच शुरू होने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए चेन्नीथला ने कहा कि यह जांच आंखों में धूल झोंकने का प्रयास लगती है। सभी को पता है कि मतदाता सूची लीक नहीं हुई थी क्योंकि सभी कुछ वेबसाइट पर मौजूद है। यह जांच मूल मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए है कि सूची में एक ही व्यक्ति के कई-कई पहचान पत्रों से नाम कैसे शामिल हो गए।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story