भारत

ग्रामीण की हत्या, शव चारपाई पर पड़ा मिला

Admin2
30 Aug 2023 5:37 AM GMT
ग्रामीण की हत्या, शव चारपाई पर पड़ा मिला
x
पढ़े पूरी खबर
संभल: कैलादेवी थाने से चंद कदमों की दूरी पर ग्रामीण की हत्या कर दी गई। वह कुछ दिन पहले ही दिल्ली से लौटा था। उसका शव सोमवार देर रात घर में चारपाई पर पड़ा मिला। ग्रामीण के शरीर पर चोटों के निशान के साथ गला घोंटने के निशान भी मिले हैं। हत्यारे वारदात को अंजाम देने के बाद घर के बाहर ताला लगा गए थे। देर रात परिजन घर पहुंचे और ताला तोड़कर अंदर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी व साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा, तो हत्यारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर परिजन व ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रालियों में सवार होकर थाने पहुंच गए। ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया, तो पुलिस हरकत में आ गई। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
थाना क्षेत्र के रोरादीप गांव निवासी 30 वर्षीय विजयपाल सिंह की पत्नी कुसुम पड़ोसी गांव निरयावली निवासी अपने प्रेमी भूरे के साथ घर से भाग गई थी। विजयपाल सिंह ने कैलादेवी पर मकान बना लिया था और वहीं रह रहा था। कुछ दिन पहले विवाद होने पर विजयपाल ने कुसुम और भूरे के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया था। इन दिनों विजयपाल सिंह दिल्ली में रहकर मेहनत मजदूरी कर रहा था। मृतक की मां रामकली ने बताया कि थाना पुलिस ने फोन कर विजयपाल को बुलाया था कि मुकदमे में मंगलवार को कोर्ट में तारीख है। रविवार को दिल्ली से विजयपाल घर पहुंचा।
सोमवार सुबह को कुसुम और थाने के दरोगा ने फोन किया। सोमवार सुबह को घर से निकला विजयपाल वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। फोन किया लेकिन लगातार घंटी जाने के बाद फोन किसी ने नहीं उठाया। परिवार के लोग कैलादेवी पर बने मकान पर पहुंचे, तो चप्पल गेट पर रखे थे और दरवाजा बंद था। देर रात गांव के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। ताला तोड़कर देखा, तो विजयपाल का शव चारपाई पर पड़ा था।
विजयपाल का शव घर में चारपाई पर मिलने की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई लेकिन सूचना देने के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक का मोबाइल भी गायब है। पत्नी कुसुम व उसका प्रेमी भूरे विजयपाल की संपत्ति हथियाना चाहते थे। परिवार के लोगों ने कुसुम, भूरे व उसके साथियों पर हत्या का आरोप भी लगाया लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। शाम को गांव के सैकड़ों लोग थाने पहुंचे और थाने का घेराव किया, तो पुलिस ने तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया।
हल्का दरोगा राजपाल सिंह ने बताया कि मृतक विजयपाल ने अपने पत्नी व उसके प्रेमी द्वारा हत्या की आशंका को लेकर एक प्रार्थन पत्र भी दिया था। जिसमें सीओ ने जांच के लिए फोन किया था, कि विजयपाल को मेरे पास भेजो। मैनें गांव के ही सतपाल सिंह को फोन कर विजयपाल के घर सूचना देने को कहा था। इसके एक दिन बाद फिर मेरे पास विजयपाल का फोन आया, तो मैंने कहा था आप सीओ के यहां चले जाओ। इसके अलावा मेरी कोई बात विजयपाल से नहीं हुई है, और न ही मैने थाने बुलाया।
थानाध्यक्ष कैलादेवी, लोकेंद्र त्यागी ने कहा कि ग्रामीण का शव उसके घर में चारपाई पर मिला है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतक की पत्नी कुसुम, निरयावली निवासी भूरे, भूरे का भाई और प्रधानपति रामखिलाड़ी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को पकड़ने का पुलिस प्रयास कर रही है।
Next Story