भारत

किसानों का कर्ज माफ किया विजय सरकार ने

Nilmani Pal
26 May 2026 7:31 AM IST
किसानों का कर्ज माफ किया विजय सरकार ने
x
ब्रेकिंग

तमिलनाडु। तमिलनाडु में नेता से अभिनेता और अब मुख्यमंत्री बने विजय ने अपना एक बड़ा चुनावी वादा पूरा किया है। CM विजय की सरकार ने राज्य में 14 लाख से अधिक किसानों का कर्ज माफ करने की घोषणा कर दी है। यह फैसला सोमवार को तमिझगा वेत्री कड़गम (TVK) की एक हाई-लेवल रिव्यू मीटिंग के बाद लिया गया है। हालांकि कर्ज माफी के बाद भी किसानों ने TVK सरकार से नाराजगी जताई है।

इससे पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता और तमिलनाडु के मंत्री सीटीआर निर्मलकुमार ने सरकार के इस फैसले के बारे में बताते हुए कहा कि 14.22 लाख किसानों का कर्ज माफ किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "राज्य में करीब 16.92 लाख किसानों ने कृषि लोन लिया था, जिसमें से आज 14.22 लाख किसानों का कर्ज पूरी तरह या आंशिक रूप से माफ कर दिया गया है। यह हमारा प्रमुख चुनावी वादा था जिसे हमने पूरा किया है।” मुख्यमंत्री विजय की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कृषि मंत्री आर. विनोद, सहकारिता मंत्री वी. कांतिराज और वित्त मंत्री एन. मारिया विल्सन भी शामिल थे। सरकार ने कर्ज माफी के लिए एक 'ग्रेडेड सिस्टम' तैयार किया है। सरकार ने बताया कि इस सिस्टम के तहत जिन किसानों पर 50,000 रुपये से कम का बकाया कर्ज है, उनका पूरा कर्ज माफ किया जाएगा। वहीं, अन्य छोटे किसानों के लिए 50,000 रुपये तक के कर्ज पर 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

इसके अलावा 50,000 रुपये से अधिक के कर्ज पर चरणबद्ध तरीके से राहत दी जाएगी। 50,001 से 60,000 रुपये तक के कर्ज वालों को 40,000 रुपये की राहत मिलेगी, जबकि 60,001 से 70,000 रुपये के कर्ज पर 30,000 रुपये की छूट दी जाएगी। इसी तरह 70,001 से 80,000 रुपये तक के कर्ज पर 20,000 रुपये की माफी मिलेगी।

80,001 से 1 लाख रुपये तक के कर्ज पर 10,000 रुपये की राहत तय की गई है, जबकि 1 लाख रुपये से अधिक के कर्ज पर 5,000 रुपये की राहत दी जाएगी। वहीं इस योजना का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा जिन्होंने 1 मई 2025 से 28 फरवरी 2026 के बीच सहकारी बैंकों से कर्ज लिया था। एक अनुमान के मुताबिक इस कर्ज़माफी की योजना से राज्य सरकार के खजाने पर 2,044 करोड़ रुपए से ज्यादा वित्तीय बोझ आएगा।

Next Story