भारत

VIDEO: चलती बस बनी आग का गोला यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

SHIDDHANT
6 Sept 2026 12:21 AM IST
VIDEO: चलती बस बनी आग का गोला यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
x
बस में लगी आग और मची चीख पुकार फायर टीम ने पाया काबू
Gwalior ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्वालियर से भोपाल जा रही एक वीडियो कोच बस में अचानक आग लग गई। घटना चेतकपुरी इलाके में हुई, जहां बस में सवार करीब 40 यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, बस यात्रियों को लेकर ग्वालियर से भोपाल की ओर जा रही थी। इसी दौरान चेतकपुरी क्षेत्र में अचानक बस से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग लगने की जानकारी मिलते ही यात्रियों में डर का माहौल बन गया।
बस में मौजूद यात्रियों ने आनन-फानन में बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हादसे के दौरान कई यात्रियों का सामान बस के अंदर ही रह गया, जो आग की चपेट में आकर जल गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।




प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को सामान निकालने का भी मौका नहीं मिल पाया। बस में रखा कई यात्रियों का सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग घटना की जांच में जुट गए हैं।
प्रशासन की ओर से बस संचालक से भी जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि आग किस वजह से लगी और क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था। इस घटना के बाद एक बार फिर चलती बसों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए वाहनों की नियमित जांच और फायर सेफ्टी इंतजामों को लेकर प्रशासन सतर्कता बरतने की बात कह रहा है।
Next Story