भारत

चंदौली में दलित युवक की कथित बंधक बनाकर पिटाई, जान से मारने की धमकी का वीडियो वायरल

SHIDDHANT
9 Nov 2026 4:40 PM IST
चंदौली में दलित युवक की कथित बंधक बनाकर पिटाई, जान से मारने की धमकी का वीडियो वायरल
x
10 से 15 युवकों ने घेरकर की मारपीट
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में एक दलित युवक को कथित तौर पर बंधक बनाकर सामूहिक रूप से मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। पीड़ित की मां ने आरोपित युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है।
पीड़ित की मां शीला देवी के अनुसार, 6/7 नवंबर की मध्यरात्रि करीब दो बजे मुगलसराय जीटी रोड स्थित अग्रवाल गेस्ट हाउस के पीछे गली में 10 से 15 युवकों ने उनके बेटे रणवीर को घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने उसे जबरन रोककर बंधक बना लिया और बेल्ट व डंडों से बेरहमी से पीटा। इस दौरान जातिसूचक अपशब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। महिला ने आरोपितों पर मोबाइल फोन तोड़ने और रुपये छीनने का भी आरोप लगाया है।
घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। पीड़ित की मां ने 7 नवंबर को मुगलसराय कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, अब तक मामले में कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि दीपावली पर्व के चलते व्यस्तता रही। मामले की जानकारी लेकर तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। गंभीर आरोपों और वायरल वीडियो के बीच पुलिस की आगामी कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।
Next Story