
x
बाउंसरों पर हमला करने का आरोप
Ghazipur गाजीपुर: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिला अस्पताल (महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय) में एक तीमारदार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, ताड़ीघाट निवासी मनोज यादव अपनी पांच वर्षीय बेटी को लेकर अस्पताल पहुंचे थे, जिसके कान में चना चला गया था। डॉक्टर ने उपचार कर बच्चे के कान से चना निकाल दिया और दवा लिख दी। इसके बाद मनोज दवा लेने के तरीके को लेकर डॉक्टर से जानकारी लेना चाहते थे, लेकिन उस समय डॉक्टर शिफ्ट खत्म होने के बाद अन्य काम में व्यस्त थे।
इसी दौरान इंतजार करने की बात पर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि अस्पताल के सुरक्षा गार्ड और एक बाउंसर मौके पर पहुंचे और मनोज यादव पर डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी को भी चोटें आईं। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पुलिस में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अस्पताल के प्रिंसिपल डॉ. आनंद मिश्रा ने मामले में जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है। समिति को दो से तीन दिन में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। इस घटना ने मरीजों और तीमारदारों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
Next Story





