भारत

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन की शुक्रवार से कर्नाटक, गोवा और केरल की तीन-दिवसीय यात्रा

SHIDDHANT
28 May 2026 8:22 PM IST
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन की शुक्रवार से कर्नाटक, गोवा और केरल की तीन-दिवसीय यात्रा
x
Delhi दिल्ली। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शुक्रवार से कर्नाटक, गोवा और केरल के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। 29 मई से 31 मई तक चलने वाले इस दौरे के दौरान वे कई सरकारी कार्यक्रमों, धार्मिक आयोजनों और सांस्कृतिक समारोहों में शामिल होंगे। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, 29 मई को उपराष्ट्रपति कर्नाटक के बेंगलुरु में ‘आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन’ के 45 वर्ष पूरे होने पर आयोजित वैश्विक समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वे दावणगेरे स्थित यूनिवर्सिटी बीडीटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के प्लेटिनम जुबली समारोह में भी भाग लेंगे।
30 मई को उपराष्ट्रपति गोवा के पणजी में आयोजित राज्य स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वे गोवा स्थित सीएसआईआर-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओशनोग्राफी का दौरा भी करेंगे। 31 मई को सीपी राधाकृष्णन कर्नाटक के प्रसिद्ध श्री क्षेत्र धर्मस्थल मंजूनाथ स्वामी मंदिर जाएंगे। इसी दिन वे बेल्थांगडी में सिरी इंडस्ट्रियल पार्क का उद्घाटन भी करेंगे। इसके बाद उपराष्ट्रपति केरल के कोट्टायम पहुंचेंगे, जहां वे 'दीपिका मलयालम डेली' के 140वें स्थापना दिवस समारोह का उद्घाटन करेंगे। बाद में वे कन्नूर में राज्यसभा सांसद सी. सदानंदन मास्टर द्वारा आयोजित एक निजी कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
इस बीच, हाल ही में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने राज्यसभा के सभापति के रूप में भाजपा सांसद राघव चड्ढा को राज्यसभा की याचिका समिति का नया अध्यक्ष नियुक्त किया था। इस समिति का पुनर्गठन 20 मई को किया गया था। राघव चड्ढा को यह जिम्मेदारी ऐसे समय में मिली है, जब उन्होंने हाल ही में छह अन्य राज्यसभा सांसदों के साथ आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा था। अप्रैल महीने में राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, विक्रम साहनी, स्वाति मालीवाल और राजिंदर गुप्ता ने आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी जॉइन कर ली थी। इससे राज्यसभा में आम आदमी पार्टी की संख्या 10 से घटकर केवल 3 रह गई थी।
Next Story