भारत
लोकसभा चुनाव 2024 से पहले कांग्रेस की आज बड़ी बैठक, जानें पूरा प्लान
jantaserishta.com
7 March 2024 9:23 AM IST

x
भूपेश बघेल, दीपक बैज और ज्योतसना महंत को कांग्रेस नेतृत्व लोकसभा चुनाव लड़वाना चाहता है।
नई दिल्ली: आगामी लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी की आज बेहद अहम बैठक हो रही है। इस बैठक के दौरान पार्टी अपने लोकसभा उम्मीदवारों की पहली लिस्ट के लिए नाम तय कर सकती है। अपने उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने के लिए कांग्रेस पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) गुरुवार शाम 6 बजे नई दिल्ली में बैठक करेगी। कांग्रेस के संचार प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि पार्टी की चुनाव समिति की यह पहली बैठक होगी। इस दौरान पूर्व कांग्रेस राहुल गांधी को फिर से अमेठी से लड़ाने पर चर्चा हो सकती है। वहीं उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के चुनावी राजनीति में पदार्पण करने की संभावना है।
जहां राहुल गांधी को अमेठी और वायनाड से फिर से उतारने की संभावना है तो वहीं प्रियंका गांधी को रायबरेली से चुनावी मैदान में उतारा जा सकता है। राय बरेली से प्रियंका की मां सोनिया गांधी लोकसभा सांसद थीं, लेकिन उन्होंने पिछले महीने राज्यसभा जाने के लिए ये सीट खाली कर दी। कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक से पहले, पार्टी हलकों में यह चर्चा जोरों पर है कि गांधी भाई-बहन पारंपरिक गढ़ों को जीतने के प्रयास में सबसे अच्छे विकल्प हैं। हालांकि कांग्रेस की लीडरशिप ने कुछ भी पुष्टि नहीं की, लेकिन कांग्रेस पार्टी के अमेठी जिला प्रमुख प्रदीप सिंघल ने बुधवार को कहा कि राहुल गांधी अमेठी से पार्टी के उम्मीदवार होंगे और उनके नाम की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
बता दें कि बीजेपी ने मौजूदा सांसद स्मृति ईरानी को फिर से अमेठी से मैदान में उतारा है। राहुल गांधी 2019 के चुनाव में अमेठी से भाजपा नेता स्मृति ईरानी से हार गए थे। रायबरेली से प्रियंका का नाम तब से चर्चा में है जब से सोनिया गांधी ने इस क्षेत्र के लोगों को अपने विदाई संदेश में लिखा, "मुझे आप पर भरोसा है कि आप मेरे परिवार के साथ वैसे ही खड़े रहेंगे जैसे आप पिछले सभी वर्षों में खड़े रहे।" वहीं भाजपा दिवंगत कांग्रेस नेता अखिलेश सिंह की बेटी और रायबरेली सदर विधायक अदिति सिंह को आगे बढ़ा रही है। आज होने वाली बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी और सीईसी के अन्य वरिष्ठ नेताओं सहित पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी भाग लेंगे।
कहा जा रहा है कि कांग्रेस आज यानी 7 मार्च को 100 उम्मीदवारों की सूची जारी कर सकती है। इसमें राजस्थान के उम्मीदवारों के नाम भी शामिल होंगे। क्योंकि राजस्थान समेत कई राज्यों के लिए स्क्रिनिंग कमेटी की बैठक हो चुकी है। राजस्थान में पूर्व सीएम अशोक गहलोत के बेटे को टिकट मिलना तय माना जा रहा है। जालौर-सिरोही सीट पर वैभव गहलोत को टिकट मिलने की पूरी संभावना है। इसके अलावा कोटा सीट से अशोक चांदना, बारां-झालावाड़ से प्रमोद जैन भाया, भरतपुर से संजना जाटव, जोधपुर से मानवेंद्र सिंह जसोल और दौसा से मुरानी लाल मीणा के नाम पर मुहर लगना तय माना जा रहा है।
इंडिया गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ चुनाव लड़ रही कांग्रेस के हिस्से में राष्ट्रीय राजधानी की तीन सीटें आई हैं। इनमें कांग्रेस दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष अरविन्दर सिंह लवली, महिला विंग की अध्यक्ष अल्का लाम्बा और आरक्षित सीट के लिए उदित राज के नाम पर चर्चा चल रहा है। इनके अलावा, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, दीपक बैज और ज्योतसना महंत को कांग्रेस नेतृत्व लोकसभा चुनाव लड़वाना चाहता है।
Tagsलोकसभा चुनावलोकसभा चुनाव 2024लोकसभा उम्मीदवारकांग्रेसLok Sabha ElectionsLok Sabha Elections 2024Lok Sabha CandidatesCongress
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





