भारत

5 और रूटों पर दौड़ेगी वंदे भारत ट्रेन, पीएम मोदी 26 जून को दिखाएंगे हरी झंडी

Nilmani Pal
15 Jun 2023 1:49 AM GMT
5 और रूटों पर दौड़ेगी वंदे भारत ट्रेन, पीएम मोदी 26 जून को दिखाएंगे हरी झंडी
x

दिल्ली। आगामी 26 जून को देश के विभिन्न शहरों के बीच एक साथ पांच वंदे भारत ट्रेन चलने जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इसे हरी झंडी दिखाएंगे। ये पांच ट्रेनें जिन रूटों पर चलेंगी वे हैं- मुंबई-गोवा, बेंगलुरु-हुबली, पटना-रांची, भोपाल-इंदौर और भोपाल-जबलपुर। आपको बता दें कि ओडिशा में हाल ही में हुए भीषण रेल हादसे के बाद वंदे भारत ट्रेनों को चलाने का सिलसिला रुक गया था।

रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 26 जून को पांच नई वंदे भारत ट्रेन चलाई जाएंगी। इसमें मुंबई-गोवा, बेंगलुरु-हुबली, पटना-रांची और भोपाल-इंदौर, भोपाल-जबलपुर के बीच वंदे भारत ट्रेन चलेंगी। दो हफ्ते पहले मुंबई-गोवा के बीच वंदे भारत ट्रेन चलाने की योजना थी, लेकिन ओडिशा ट्रेन हादसे के बाद यह कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। पटना-रांची के बीच ट्रेन का पहले ही सफल परीक्षण किया जा चुका है। अधिकारी ने बताया कि भोपाल-इंदौर, भोपाल-जबलपुर व बेंगलुरु-हुबली के बीच परीक्षण चल रहा है, जिसे तय समय में पूरा कर लिया जाएगा।

अभी तक 18 (जोड़ी) वंदे भारत ट्रेन चलाई जा चुकी हैं। पांच नई वंदे भारत ट्रेन चलने के बाद इनकी संख्या 23 हो जाएगी। यानी कुल 46 वंदे भारत ट्रेन पटरियों पर दौड़ने लगेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2023 तक 75 वंदे भारत ट्रेन चलाने की घोषणा की थी।


Next Story