भारत

उत्तरकाशी हिमस्खलन: अब तक 19 पर्वतारोहियों की हुई मौत, शव बरामद

Nil dhankar
7 Oct 2022 6:50 AM IST
उत्तरकाशी हिमस्खलन: अब तक 19 पर्वतारोहियों की हुई मौत, शव बरामद
x

उत्तराखंड। उत्तरकाशी के डोकराणी बामक ग्लेशियर क्षेत्र से रेस्क्यू दल ने बृहस्पतिवार को 15 शव बरामद कर लिए। चार शव घटना के दिन ही बरामद हो गए थे। कुल 19 शवों में से चार को ही मातली हेलीपेड पर लाया जा सका है, जबकि 15 को एडवांस बेस कैंप में रखा गया है। वहीं, 10 लोग अब भी लापता हैं।

उच्च हिमालयी क्षेत्र में प्रशिक्षण के लिए निकले नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के दल में से 29 सदस्य रविवार को डोकराणी बामक ग्लेशियर क्षेत्र में हिमस्खलन की चपेट में आने के बाद लापता हो गए थे। बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे से घटना स्थल पर रेस्क्यू अभियान शुरू हुआ। पैदल गई एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी की टीम बुधवार को घटना स्थल से तीन घंटे की दूरी तक पहुंच गई थी। बृहस्पतिवार सुबह पौ फटते ही रेस्क्यू दल ने घटना स्थल की ओर बढ़ना शुरू किया। करीब साढ़े सात बजे दल ने घटना स्थल पर पहुंच कर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। जबकि हाई एल्टीट्यूड वार वेलफेयर स्कूल गुलमर्ग की टीम मातली हेलीपैड से सीधे घटना स्थल पर उतरी। यहां से 15 शव बरामद किए गए। इसकी सूचना मिलते ही परिजन हेलीपैड पर जमा हो गए।

करीब दोपहर 2 बजे प्रशासन ने परिजनों को बताया कि घटना स्थल पर मौसम खराब होने के कारण शवों को अभी लाना संभव नहीं है। मौसफ साफ होने का इंतजार किया जा रहा है। कुछ देर बाद परिजन निराश होकर लौट गए। वहीं शाम को चार शव मातली हेलीपैड लाए गए। संभावना जताई जा रही है कि बाकी को आज ले आया जाएगा।


Next Story