
x
ओडीओपी योजना
Lucknow लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में राज्य की क्षमता और पहचान को नई दिशा देने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश केवल एक राज्य नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और हृदयभूमि है, जहां देश की संस्कृति और संभावनाएं बसती हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने उत्तर प्रदेश की वास्तविक क्षमता को पहचानते हुए विकास के नए रास्ते खोले हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की धरती सामान्य नहीं है, बल्कि यह भारत का केंद्र और सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख आधार है।
सीएम योगी ने पर्यटन क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि एक साल में किसी एक राज्य में 156 करोड़ पर्यटकों का पहुंचना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव राज्य में बेहतर सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटन को बढ़ावा देने वाली नीतियों के कारण संभव हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने "एक जिला एक उत्पाद" (ODOP) योजना के जरिए प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को नई पहचान दी है। अब "एक जिला एक व्यंजन" (One District One Cuisine) के माध्यम से हर जिले के खास खान-पान को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है। लखनऊ में ताज पैलेस जैसे बड़े होटल का निर्माण राज्य की बदलती तस्वीर और निवेश की संभावनाओं को दर्शाता है। इससे प्रदेश में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। अयोध्या, काशी, मथुरा सहित कई प्रमुख स्थलों के विकास से प्रदेश की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को देश का सबसे विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनाना है। इसके लिए उद्योग, पर्यटन, रोजगार और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की नई पहचान विकास, विरासत और संभावनाओं के संगम के रूप में बन रही है।
Next Story





