भारत

उर्वशी रौतेला की टीम का AI कंपनी पर बड़ा आरोप

SHIDDHANT
30 Sept 2026 8:06 PM IST
उर्वशी रौतेला की टीम का AI कंपनी पर बड़ा आरोप
x
मुंबई: एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला की टीम ने लॉस एंजिलिस स्थित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी बॉलीवुड.AI के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। टीम का आरोप है कि कंपनी ने एक्ट्रेस की अनुमति के बिना उनके नाम, तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल किया। टीम के मुताबिक, इस मामले में कंपनी से ₹7,000 करोड़ के हर्जाने की मांग की जा रही है। हालांकि, बॉलीवुड.AI के फाउंडर और CEO शीराज हसन ने इस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे हास्यास्पद बताया है। दोनों पक्षों के बयानों के बाद AI और सेलिब्रिटी पहचान के इस्तेमाल को लेकर मामला चर्चा में है।
इंटरव्यू से शुरू हुआ पूरा विवाद
मामला उस समय सामने आया जब बॉलीवुड.AI ने उर्वशी रौतेला का एक इंटरव्यू किया। बातचीत के दौरान उनसे बॉलीवुड और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर उनकी राय पूछी गई थी। उर्वशी ने जवाब में बॉलीवुड और AI को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि AI ऐसी चीज है जिससे बॉलीवुड जूझ रहा है, जबकि बॉलीवुड से वह प्यार करती हैं। उनका यह इंटरव्यू बाद में वायरल हो गया। इसके बाद मंगलवार को टीम उर्वशी रौतेला ने इंस्टाग्राम पर एक आधिकारिक बयान जारी किया। इसमें कहा गया कि टीम इस मामले में उचित कानूनी कदम उठा रही है और फिलहाल लॉस एंजिलिस स्थित कंपनी से ₹7,000 करोड़ के हर्जाने की मांग की जा रही है। टीम ने अपने बयान में यह भी कहा कि कंपनी अपनी AI तकनीक और अपना ब्रांड बना सकती है, लेकिन उर्वशी के नाम को उनकी अनुमति के बिना अपने कारोबार में इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
बॉलीवुड.AI के CEO ने क्या कहा?
उर्वशी की टीम के आरोपों पर बॉलीवुड.AI और हॉलीवुड.AI के फाउंडर एवं CEO शीराज हसन ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए प्रतिक्रिया दी।
हसन ने कहा कि इंटरव्यू के दौरान उर्वशी ने जो बातें कहीं, वे उनके अपने शब्द थे। उन्होंने उर्वशी को AI और बॉलीवुड के मनोरंजन कारोबार के भविष्य को समझने की सलाह भी दी।
हसन ने आगे AI आधारित फिल्मों, वर्टिकल ड्रामा और डिजिटल सितारों को मनोरंजन के भविष्य का हिस्सा बताया। उनके मुताबिक, ऐसे डिजिटल किरदार कई भाषाओं में काम कर सकते हैं और लगातार उपलब्ध रह सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले बदलाव का विरोध करने के बजाय उसे अपनाने की जरूरत है और AI के साथ मनोरंजन उद्योग आगे बढ़ रहा है।
सलमान खान भी AI के गलत इस्तेमाल पर जता चुके हैं चिंता
AI के गलत इस्तेमाल को लेकर सलमान खान भी चिंता जाहिर कर चुके हैं। रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में उन्होंने AI के जरिए बनाए जा रहे फर्जी कंटेंट का मुद्दा उठाया था।
सलमान ने बताया था कि उनकी आवाज का इस्तेमाल करके गलत बातें कही जा सकती हैं और उनके नाम से फर्जी AI वीडियो भी बनाए जा रहे हैं। उन्होंने ऐसे वीडियो का उदाहरण देते हुए कहा था कि कुछ लोग उन्हें ऐसी जगहों पर दिखाने वाले वीडियो पोस्ट कर देते हैं, जहां वह वास्तव में मौजूद नहीं थे।
उन्होंने यह भी कहा था कि इस तरह के फर्जी कंटेंट का असर केवल बड़े सितारों तक सीमित नहीं है। आम लोगों को भी इसका नुकसान हो सकता है। सलमान ने ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई और कानून की जरूरत की बात कही थी।
कई बॉलीवुड सितारे AI कंटेंट को लेकर कोर्ट पहुंचे
AI और डीपफेक कंटेंट के बढ़ते इस्तेमाल के बीच कई फिल्मी सितारों ने अपनी पहचान और पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए कानूनी रास्ता अपनाया है।
अमिताभ बच्चन ने अपने नाम, चेहरे, आवाज और मशहूर डायलॉग्स के अनधिकृत इस्तेमाल के खिलाफ कोर्ट से सुरक्षा ली। सलमान खान ने भी अपने नाम, तस्वीर, आवाज और AI से जुड़े अनधिकृत इस्तेमाल को लेकर कानूनी कदम उठाए हैं।
अनिल कपूर ने अपनी आवाज, तस्वीर और पहचान के इस्तेमाल पर रोक की मांग की। ऐश्वर्या राय बच्चन ने डीपफेक और मॉर्फ्ड तस्वीरों को लेकर कानूनी कार्रवाई की।
ऋतिक रोशन, अक्षय कुमार और जैकी श्रॉफ भी अपनी पहचान से जुड़े अनधिकृत इस्तेमाल के मामलों में कानूनी कदम उठा चुके हैं। जैकी श्रॉफ को उनके नाम, आवाज और ‘भिडू’ जैसे पहचान से जुड़े शब्दों के इस्तेमाल से सुरक्षा मिली।
इसके अलावा अभिषेक बच्चन, करण जौहर, सोनाक्षी सिन्हा, अर्जुन कपूर और श्रुति हासन ने भी अपनी पहचान के गलत इस्तेमाल के खिलाफ कानूनी राहत की मांग की है।
Next Story