
x
वीडियो हुआ वायरल.
देवरिया: देवरिया जिले के भाटपाररानी रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट को लेकर शनिवार रात जमकर हंगामा हुआ. टिकट के लिए लाइन में लगे एक युवक को दलालों ने लाइन से खींचकर बेरहमी से पीट दिया. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे जीआरपी (GRP) के सिपाही के साथ भी आरोपियों ने हाथापाई की और उसके हाथ में दांत काटकर फरार हो गए. पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
जानकारी के अनुसार, भाटपाररानी थाना क्षेत्र के खडेसर पश्चिम टोला निवासी रोहित कुशवाहा तत्काल टिकट लेने के लिए शनिवार दिन में ही स्टेशन पहुंचकर लाइन में लग गया था. उसका कहना है कि अगले दिन सुबह टिकट मिलने की उम्मीद में वह लाइन में अपनी बारी का इंतजार कर रहा था. इसी दौरान रात करीब साढ़े दस बजे दो युवक वहां पहुंचे. इनमें से एक ने अपना नाम प्रताप यादव बताया. लाइन में आगे लगने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया.
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों युवकों ने रोहित को लाइन से खींच लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. मारपीट इतनी गंभीर थी कि रोहित के हाथ में गंभीर चोट आ गई और उसका कंधा भी प्रभावित हुआ. पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने और बाहर देख लेने की धमकी भी दी.
स्टेशन परिसर में हंगामे की सूचना मिलते ही जीआरपी का एक सिपाही मौके पर पहुंचा और दो आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया. लेकिन आरोपियों ने पुलिसकर्मी से भी झड़प शुरू कर दी. इस दौरान उन्होंने सिपाही के हाथ में दांत काट लिया और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए. घटना के दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई.
मामले को गंभीर मानते हुए भाटपाररानी रेलवे स्टेशन के सहायक स्टेशन अधीक्षक रूपेश जायसवाल ने जीआरपी और आरपीएफ को लिखित शिकायत भेजी है. अपने मेमो में उन्होंने उल्लेख किया है कि स्टेशन परिसर में आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, जबकि वहां सुरक्षा बलों की मौजूदगी रहती है. उन्होंने कहा कि यदि ऐसी गतिविधियों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो किसी दिन बड़ी अनहोनी हो सकती है.
फिलहाल जीआरपी ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और वायरल वीडियो की जांच के साथ आरोपियों की तलाश में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





