भारत

नाइटक्लब में बियर गिरने पर बवाल, युवक की पीट-पीटकर हत्या

Subhi
13 Oct 2026 6:57 AM IST
नाइटक्लब में बियर गिरने पर बवाल, युवक की पीट-पीटकर हत्या
x
पीट-पीटकर हत्या

दिल्ली में एक नाइटक्लब के अंदर बीयर गिरने को लेकर शुरू हुआ विवाद एक युवक की मौत की वजह बन गया. आरोप है कि महिला पर बीयर गिरने के बाद हुए झगड़े में क्लब के बाउंसरों ने 29 वर्षीय ड्राइवर दलजीत और उसके दोस्तों की बेरहमी से पिटाई की.

इस दौरान क्लब के वेटर भी मारपीट में शामिल हो गए. गंभीर रूप से घायल दलजीत की मौत हो गई. पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि बाकी आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना शनिवार देर रात सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र में स्थित एक नाइटक्लब में हुई. रघुवीर नगर निवासी दलजीत अपने कुछ दोस्तों के साथ क्लब गया था. वहां उसके एक दोस्त की बीयर एक महिला पर गिर गई, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया.

आरोप है कि बहस बढ़ने पर क्लब के बाउंसरों ने दलजीत और उसके दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी. दलजीत की ओर से माफी मांगने के बावजूद हमला नहीं रुका. सूत्रों के अनुसार, क्लब के वेटर भी मारपीट में शामिल हो गए और दलजीत व उसके दोस्तों को डंडों और कांच की बोतलों से पीटा.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दलजीत और उसके दोस्तों ने हमलावरों से बचकर निकलने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन्हें वापस अंदर खींच लिया और फिर से मारपीट की. इस हमले में दलजीत को सबसे गंभीर चोटें आईं. बताया गया कि उसके दोस्त उसे रघुवीर नगर स्थित घर ले गए. वहां एंट्री गेट के पास ही वह गिर पड़ा. इसके बाद उसे गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

29 वर्षीय दलजीत अपने पीछे पत्नी, आठ साल के बेटे और पिता को छोड़ गया है. घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है. जांच के तहत नाइटक्लब का सीसीटीवी डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर भी जब्त किया गया है.

Next Story