भारत

क्रिकेटर रोहित शर्मा को मोटा कहने पर बवाल, कांग्रेस प्रवक्ता घिरने लगीं तो हटा लिया पोस्ट, पार्टी ने किया किनारा

jantaserishta.com
3 March 2025 1:14 PM IST
क्रिकेटर रोहित शर्मा को मोटा कहने पर बवाल, कांग्रेस प्रवक्ता घिरने लगीं तो हटा लिया पोस्ट, पार्टी ने किया किनारा
x

फाइल फोटो

देखें वीडियो.
नई दिल्ली: कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद का भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा पर विवादित बयान सुर्खियों में हैं. रोहित शर्मा की बॉडी शेमिंग के बाद बीजेपी कांग्रेस पर हमलावर हो गई है. ऐसे में शमा मोहम्मद ने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया है.
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. शमा मोहम्मद ने क्रिकेट के एक दिग्गज खिलाड़ी को लेकर कुछ बयान दिया था जो पार्टी के रुख से मेल नहीं खाता. उनसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से उस ट्वीट को डिलीट करने को कहा गया है और भविष्य में सतर्क रहने की सलाह दी है.
खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी खेल जगत के खिलाड़ियों के योगदान को बहुत महत्व देती है और ऐसी किसी बयानबाजी का समर्थन नहीं करते जिससे उनकी छवि पर प्रभाव पड़े.
इस पूरे मामले पर शमा मोहम्मद ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि वह खिलाड़ी की फिटनेस को लेकर जेनरिक ट्वीट था. वह बॉडी शेमिंग नहीं थी. मेरा मानना है कि खिलाड़ी को फिट होना चाहिए. मुझे लगा कि उनका वजन थोड़ा ज्यादा है. इसलिए मैंने उसके बारे में ट्वीट किया. लेकिन बिना किसी कारण के इसे तूल दिया गया. जब मैं दूसरे कप्तानों से रोहित शर्मा की तुलना करूं तो मैं ऐसा कहूंगी. मेरे पास कहने का अधिकार है. यह लोकतंत्र है.
हालांकि, बीजेपी ने कांग्रेस को इस पर जमकर घेरा है. बीजेपी नेता प्रदीप भंडारी ने इस मामले पर कहा कि कांग्रेस पार्टी यह संदेश देना चाहती है कि हर देशभक्त जो देश के लिए अच्छा करता है, उसका कांग्रेस विरोध करेगी. इन्हें दिक्कत है कि भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने देश के लिए अच्छा किया है और न्यूजीलैंड टीम को हराया है. इससे कांग्रेस की देशभक्ति पर सवाल उठता है. अब यह स्पष्ट हो गया है कि जो लोग भारत का समर्थन करते हैं देशभक्त हैं, जो देश के लिए अच्छा करते हैं, उनका कांग्रेस पार्टी विरोध करेगी. जो लोग देश के खिलाफ बोलेंगे उनका कांग्रेस समर्थन करेगी.
इससे पहले बीजेपी नेता राधिका खेड़ा ने कांग्रेस प्रवक्ता पर जमकर हमला बोला. उन्होंने सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और जयराम रमेश को भी टैग करते हुए तंज कसा था.
बीजेपी नेता राधिका खेड़ा ने कहा था कि कांग्रेस प्रवक्ता ने रोहित शर्मा की बॉडी शेमिंग की, जो सरासर दुस्साहस है. यह वही कांग्रेस है, जिसने दशकों तक एथलीट्स को अपमानित किया, उन्हें पहचान नहीं दी और अब एक क्रिकेट दिग्गज का मजाक उड़ाने की हिम्मत कर रही है? भाई-भतीजावाद पर पलने वाली पार्टी एक सेल्फ-मेड चैंपियन को उपदेश दे रही है?
उन्होंने आगे कहा कि रोहित शर्मा विश्व कप जीतने वाले कप्तान हैं. आपके नेता, राहुल गांधी अपनी पार्टी की कप्तानी भी बिना उसे मिट्टी में मिलाए नहीं कर सकते! जयराम रमेश, आपकी टीम द्वारा भारत को गौरव दिलाने वाले व्यक्ति पर अपमान करने के बजाय, आपको और आपके प्रवक्ताओं को उस वास्तविक ‘वजन’ पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, जो आपकी पार्टी घटा रही है- प्रासंगिकता, विश्वसनीयता और चुनाव!
दरअसल, कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. शमा मोहम्मद ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "रोहित एक खिलाड़ी के तौर पर मोटे हैं. वजन कम करने की जरूरत है. और हां, भारत का अब तक का सबसे निराशाजनक कप्तान."
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story