भारत

सपा प्रदर्शन के दौरान हंगामा, इंस्पेक्टर के पिस्टल निकालने का वीडियो वायरल

SHIDDHANT
24 July 2026 10:36 PM IST
सपा प्रदर्शन के दौरान हंगामा, इंस्पेक्टर के पिस्टल निकालने का वीडियो वायरल
x
Aligarh अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में जौहर यूनिवर्सिटी के समर्थन में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर नोकझोंक हो गई। हंगामे के बीच एक इंस्पेक्टर के पिस्टल निकालने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। सपा नेताओं ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे लेकर विरोध जताया है।जानकारी के अनुसार, रामपुर के जिलाधिकारी द्वारा जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े एक आदेश के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने अलीगढ़ जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बताया जा रहा है कि कुछ प्रदर्शनकारी जिला मुख्यालय के मुख्य गेट के अंदर जाने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद धक्का-मुक्की और तीखी झड़प की स्थिति बन गई।
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एक इंस्पेक्टर को पिस्टल निकालते हुए देखा जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इंस्पेक्टर ने प्रदर्शनकारियों की ओर पिस्टल तानी थी। हालांकि, पुलिस की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक दबाव में कार्रवाई कर रही है। सपा महानगर अध्यक्ष ने कहा कि अगर जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर कार्रवाई की गई तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने रामपुर जिलाधिकारी के आदेश को गलत बताते हुए इसे सरकार की बदले की कार्रवाई करार दिया। सपा नेताओं ने साफ किया कि वे जौहर यूनिवर्सिटी के समर्थन में अपना आंदोलन जारी रखेंगे। वहीं पुलिस प्रशासन पूरे मामले की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।
Next Story