भारत

NEET परीक्षा के दौरान हंगामा: अभ्यर्थी का अचानक बदला सेंटर, छूटा पेपर

SHIDDHANT
22 Jun 2026 12:00 AM IST
NEET परीक्षा के दौरान हंगामा: अभ्यर्थी का अचानक बदला सेंटर, छूटा पेपर
x
एडमिट कार्ड में गड़बड़ी से छात्रा का भविष्य दांव पर
Bihar बिहार: राजधानी पटना के बापू परीक्षा परिसर में आयोजित NEET परीक्षा के दौरान उस समय हंगामा हो गया जब एक अभ्यर्थी के परिजनों ने परीक्षा केंद्र को लेकर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि गलत जानकारी के कारण उनकी बेटी परीक्षा से वंचित रह गई।
परिजनों ने TTS India की टीम से बातचीत में बताया कि दोपहर 1:10 बजे तक एडमिट कार्ड या ऑनलाइन जानकारी में उनकी बेटी का परीक्षा केंद्र शाहपुर दिखा रहा था। इसके आधार पर वे शाहपुर पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि वास्तविक परीक्षा केंद्र बापू परीक्षा परिसर है।
परिजनों के अनुसार, शाहपुर और बापू परीक्षा परिसर के बीच लगभग 40 किलोमीटर की दूरी है। ऐसे में इतने कम समय में वहां पहुंचना संभव नहीं था, जिसके कारण उनकी बेटी परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंच सकी और उसका NEET एग्जाम छूट गया। घटना के बाद परिजनों ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए केंद्र निर्धारण में गड़बड़ी का आरोप लगाया और मौके पर हंगामा किया। उनका कहना है कि ऐसी लापरवाही ने छात्रा का भविष्य प्रभावित कर दिया है।
इस मामले के सामने आने के बाद परीक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अभ्यर्थियों और परिजनों का कहना है कि परीक्षा केंद्र की जानकारी समय पर और स्पष्ट रूप से उपलब्ध होनी चाहिए थी, ताकि इस तरह की स्थिति से बचा जा सके। फिलहाल इस मामले में संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Next Story