भारत

हंगामे की भेंट चढ़ी फिर लोकसभा की कार्यवाही, सदन बुधवार तक स्थगित

jantaserishta.com
14 March 2023 3:05 PM IST
हंगामे की भेंट चढ़ी फिर लोकसभा की कार्यवाही, सदन बुधवार तक स्थगित
x

फाइल फोटो

नई दिल्ली (आईएएनएस)| राहुल गांधी की माफी की मांग को लेकर संसद में लगातार दूसरे दिन भी हंगामा जारी रहा। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जारी घमासान और नारेबाजी के कारण लोक सभा की कार्यवाही को पहले 2 बजे तक के लिए और फिर दिन भर के लिए स्थगित करना पड़ा। मंगलवार को सुबह 11 बजे लोक सभा की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा के साथ-साथ विपक्षी दलों की तरफ से कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और लेफ्ट सहित कई अन्य दलों के सांसदों ने भी नारेबाजी शुरू कर दी। भाजपा सांसद और कई केंद्रीय मंत्री लंदन में राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान को लेकर उनसे सदन में आकर लगातार माफी मांगने की मांग कर रहे थे तो जवाब में विपक्षी सांसद भी लगातार नारेबाजी कर रहे थे।
कांग्रेस सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विदेशों में दिए गए कुछ पुराने बयानों वाले तख्तियों को सदन में लहराकर भाजपा से जवाब मांग रहे थे।
जेपीसी की मांग वाले प्लेकार्ड भी सदन में नजर आ रहे थे। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सांसदों से सदन में तख्तियों को नहीं लहराने की अपील करते हुए बार-बार सदन चलने देने का अनुरोध किया लेकिन दोनों पक्षों की तरफ से नारेबाजी जारी रहने पर उन्होंने सदन की कार्यवाही को दोपहर बाद 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
दो बजे दोबारा सदन की कार्यवाही शुरू होने पर भी सदन में हंगामा जारी रहा। सरकार और विपक्ष दोनों तरफ से नारेबाजी जारी रही। हंगामे और नारेबाजी के बीच पीठासीन सभापति किरिट प्रेमजीभाई सोलंकी ने जरूरी कागज सदन के पटल पर रखवा कर सदन की कार्यवाही को बुधवार, सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story