
x
Patna पटना: राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने चुनाव आयोग से जुड़े विवाद को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने उठाए गए सभी सवालों पर स्थिति स्पष्ट कर दी है और अब किसी तरह की भ्रम की स्थिति नहीं रह गई है।
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि पहले विपक्ष की ओर से आरोप लगाए जा रहे थे कि चुनाव आयुक्तों के बीच किसी फैसले को लेकर मतभेद थे। उन्होंने कहा कि दावा किया जा रहा था कि किसी ने फैसले का विरोध किया और किसी ने समर्थन किया, लेकिन अब तथ्य सामने आ चुके हैं कि सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए गए थे।
RLM नेता ने कहा कि उनकी पार्टी को भी उम्मीद थी कि चुनाव आयोग इस पूरे मामले पर स्पष्टीकरण देगा, ताकि लोगों के बीच जो सवाल और संदेह पैदा हुए हैं, उनका जवाब मिल सके। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने औपचारिक रूप से विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति जारी कर हर बिंदु पर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के तीनों आयुक्तों ने मिलकर इस संबंध में जानकारी दी है। इसके बाद अब किसी भी तरह की अस्पष्टता की गुंजाइश नहीं बची है।
कुशवाहा ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि इसके बावजूद कुछ नेता इस मुद्दे को राजनीतिक रूप देने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष का उद्देश्य केवल राजनीति करना है और वह जनता तथा लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर लोगों का विश्वास बनाए रखना जरूरी है। चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था के कामकाज को लेकर उठने वाले सवालों का जवाब तथ्यों के आधार पर दिया जाना चाहिए।
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि लोकतंत्र में सभी पक्षों को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन किसी भी विषय पर राजनीति करने से पहले तथ्यों को समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से जारी स्पष्टीकरण के बाद स्थिति पूरी तरह साफ हो गई है। गौरतलब है कि चुनाव प्रक्रिया और आयोग के फैसलों को लेकर विपक्ष की ओर से सवाल उठाए गए थे। इसी संदर्भ में चुनाव आयोग ने अपनी स्थिति स्पष्ट की। अब इस मुद्दे पर राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी जारी है।
Next Story





