
x
Noida. नोएडा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चौथे संस्करण में देश के रक्षा उत्पादन और निर्यात में हुई बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए उत्तर प्रदेश की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में तैयार हो रही ब्रह्मोस मिसाइलों ने पाकिस्तान की नींद उड़ा दी है। यह उनका राजनीतिक बयान था। उन्होंने अमेठी में बनने वाली AK-203 असॉल्ट राइफल का भी उल्लेख किया।
शाह ने कहा कि देश का रक्षा उत्पादन करीब 1.78 लाख करोड़ रुपए के स्तर पर पहुंच गया है। रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का रक्षा उत्पादन रिकॉर्ड 1.78 लाख करोड़ रुपए रहा। वहीं रक्षा निर्यात 2013-14 के 686 करोड़ रुपए से बढ़कर 2025-26 में 38,424 करोड़ रुपए हो गया, यानी इसमें 56 गुना से अधिक वृद्धि हुई है। भारतीय रक्षा उत्पादों का निर्यात अब 80 से अधिक देशों में किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में रक्षा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए लखनऊ, झांसी, आगरा, चित्रकूट, अलीगढ़ और कानपुर में डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के छह नोड विकसित किए जा रहे हैं। अप्रैल 2026 तक उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में 42,057 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले थे, जिनमें 4,409 करोड़ रुपए का निवेश धरातल पर उतर चुका था। लखनऊ स्थित ब्रह्मोस इंटीग्रेशन एंड टेस्टिंग फैसिलिटी में मिसाइल निर्माण भी शुरू हो चुका है।
शाह ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश सरकार की औद्योगिक और कानून-व्यवस्था संबंधी नीतियों की प्रशंसा करते हुए पूर्ववर्ती सपा और बसपा सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि पहले कानून-व्यवस्था की स्थिति के कारण निवेशकों को आकर्षित करने में मुश्किल होती थी, जबकि अब उत्तर प्रदेश निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने ‘एक जिला एक उत्पाद’ यानी ODOP योजना का जिक्र करते हुए भदोही के कालीन, मुरादाबाद के पीतल उत्पाद, फिरोजाबाद के कांच, सहारनपुर की लकड़ी की कारीगरी, कन्नौज के इत्र और बनारसी सिल्क का उदाहरण दिया। शाह ने कहा कि UPITS ‘मेक इन इंडिया’ के विजन को आगे बढ़ाने का मंच बन रहा है। उन्होंने रक्षा विनिर्माण, स्थानीय उद्योग और निर्यात में बढ़ोतरी को देश की आत्मनिर्भरता से जोड़ा।
Next Story





