उत्तर प्रदेश विधानसभा में आज वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया जाएगा. वित्त मंत्री सुरेश खन्ना राज्य का 10वां बजट पेश करेंगे. अगले साल विधानसभा चुनाव में जाने के पहले ये योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी बजट होगा. बजट का आकार 9 लाख करोड़ रुपये के पार होने की उम्मीद है.
उत्तर प्रदेश का बजट सत्र 9 फरवरी 2026 को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ था. 10 फरवरी को सदन के दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद कार्यवाही स्थगित रही. अब आज सुबह 11 बजे वित्त मंत्री सदन में बजट पेश करेंगे.
कैबिनेट बैठक में यूपीसीडा, लखनऊ मेट्रो के निर्माण और संचालन, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के संपत्तियों का विकास और आवंटन को मंजूर किया जा सकता है. इसके साथ ही सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यम और आयुष विभाग से जुड़ी सीएजी रिपोर्ट को सदन के पटल पर रखे जाने से जुड़े प्रस्तावों को भी हरी झंडी दी जा सकती है.
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने मंगलवार शाम को ही विधानसभा स्थित अपने ऑफिस में बजट पर साइन कर दिए थे. उन्होंने इस बजट को प्रदेश की जनता की उम्मीदों, विकास की जरूरतों और सुशासन की प्रतिबद्धता को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है.





