भारत
आपदाग्रस्त हिमाचल प्रदेश के लिए यूपी सरकार ने भेजी राहत सामग्री
jantaserishta.com
10 Sept 2025 10:05 AM IST

x
शिमला: हिमाचल प्रदेश में आई भीषण आपदा के बीच मदद का सिलसिला जारी है। पिछले दिनों हरियाणा सरकार ने सहायता दी थी। अब उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने भी बड़ी राहत पहुंचाई है। जिला कांगड़ा के नूरपुर के कंडवाल में यूपी सरकार की ओर से 37 ट्रकों में भारी मात्रा में राहत सामग्री पहुंची। इनमें से 26 ट्रक पहुंच चुके हैं, जबकि बाकी रास्ते में हैं।
इस सामग्री को नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार, भाजपा नेता संजय गुलेरिया और पूर्व विधायक रीता धीमान समेत कई नेताओं ने रिसीव किया।
यूपी से आए मंत्री जसवंत सिंह सैनी खुद ट्रकों के साथ मौजूद रहे। उनके साथ रेडक्रॉस शाखा के देवेंद्र कुमार, नीरज महेश्वरी और दीपक भी राहत सामग्री लेकर आए। यूपी सरकार पहले ही मुख्यमंत्री राहत कोष में 5 करोड़ रुपए दे चुकी है। अब भेजी गई 28 तरह की राहत सामग्री में दैनिक उपयोग की चीजें शामिल हैं, जो चंबा समेत प्रभावित इलाकों में बांटी जाएंगी। इस आपदा में हिमाचल के कई जिले तबाह हो गए हैं और हजारों परिवार बेघर हुए हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा ने प्रदेश की हालत खराब कर दी है। लेकिन, योगी सरकार की मदद हिमाचल हमेशा याद रखेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1,500 करोड़ रुपए की राहत राशि का ऐलान किया, जो अब तक का सबसे बड़ा सहयोग है।
यूपी के मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने कहा कि हिमाचल की आपदा बेहद दुखद है। सरकार ने संकट की इस घड़ी में पीड़ितों की मदद के लिए 37 ट्रक भेजे हैं, जिनमें जरूरी सामान हैं। जरूरत पड़ने पर और सहायता दी जाएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने भी यूपी सरकार के सहयोग को सराहा और कहा कि यह आपदा प्रभावितों के लिए बड़ी राहत है। हिमाचल इस मदद को हमेशा याद रखेगा।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





