भारत

यूपी चुनाव: प्रियंका गांधी का चुनावी दफ्तर वरिष्ठ नेत्री शीला कौल के घर

jantaserishta.com
26 Jun 2021 6:00 AM GMT
यूपी चुनाव: प्रियंका गांधी का चुनावी दफ्तर वरिष्ठ नेत्री शीला कौल के घर
x

लखनऊ (ए/टीवी चैनल्स)। उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर तमाम राजनीतिक दल तैयारियों में जुट गए हैं। एक तरफ बीजेपी में बैठकों का दौर जारी है तो सपा भी अपने सियासी समीकरण दुरुस्त करने में लगी हुई है। अब कांग्रेस पार्टी भी चुनावी मोड में आने की तैयारी कर रही है। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी जुलाई में लखनऊ में डेरा डालने जा रही हैं। जानकारी मिली है कि अब चुनाव तक उनका ज्यादा समय लखनऊ में ही बीतने वाला है। वहीं उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद, प्रमोद तिवारी, अखिलेश सिंह व अजय कुमार लल्लू अपनी अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर प्रियंका गांधी चुनाव संचालन कर व उत्तर प्रदेश के चुनावी मैदान में उतरे। जिससे कांग्रेस पार्टी की खोई हुई जमीन वापस मिल पाए। समय-समय पर सभी नेताओं ने पार्टी के फोरम में और मीडिया में भी अपनी इच्छा प्रकट की। ज्ञात रहे कि विगत 10 से 12 माह से लगातार प्रियंका गांधी यूपी के हर छोटे मोटे राजनीतिक मुद्दों पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है, और हर मुद्दों पर जनता के हित में सरकार को घेरा है। इन कारणों से वहां के कांग्रेसी कार्यकर्ता बड़ी उम्मीद और जोश के साथ प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री बनाने आतुर दिख रहे हैं। प्रियंका गांधी पार्टी की वरिष्ठ नेता रहीं शीला कौल के घर में रहने जा रही हैं। वहां पर अभी रिनोवेशन का काम जारी है और उस घर को प्रियंका के जरूरत के मुताबिक सेट किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी है कि इस घर को पिछले 6 महीनों से रिनोवेट किया जा रहा है और अब प्रियंका गांधी के इस्तेमाल के लिए अनुकूल बना दिया गया है।

प्रियंका गांधी की लखनऊ आने वाली खबर ने तमाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जोश से भर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने तो पहले से चुनाव में जीत का भी दावा कर दिया है और कहा गया है कि प्रियंका गांधी के नेतृत्व में यूपी में विकास की गंगा बहेगी। अब उनका ये बयान अटकलों के बाजार को गर्म कर रहा है और कहा जा रहा है कि यूपी में कांग्रेस के लिए सीएम का चेहरा प्रियंका गांधी हो सकती हैं। खैर इस पर अभी कुछ आधिकारिक तौर पर नहीं कहा जा रहा है, लेकिन पार्टी को पूरा भरोसा है कि प्रियंका के आने से यूपी में कांग्रेस की रणनीति को धार मिलना तय है जानकारी के लिए बता दें कि 2019 में लोकसभा चुनाव से पहले प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश के लिए ये बड़ी जिम्मेदारी दी गई थी।

उस समय राहुल गांधी ने भी साफ कर दिया था कि प्रियंका को सिर्फ चार महीने के लिए राज्य नहीं भेजा जा रहा है, बल्कि उन्हें लंबे समय के लिए जिम्मेदारी दी गई है। उस समय उनकी तरफ से दावा किया गया था कि कांग्रेस 2022 में उत्तर प्रदेश का चुनाव जीतेगी। अब प्रियंका के आने से कांग्रेस की चुनावी तैयारी को कितना बल मिलता है, ये आने वाले दिनों में साफ हो जाएगा।

Next Story